राष्ट्रीय

Bhavnagar Blast: स्प्रे की बोतलों में धमाकों से दहला भावनगर का कुंभारवाड़ा, एक ही परिवार के 9 लोग झुलसे

Spray Bottle Blast: भावनगर के कुंभारवाड़ा इलाके में भंगार की स्प्रे बोतलें तोड़ते समय अचानक ब्लास्ट हो गया। हादसे में एक ही परिवार के बच्चों समेत करीब 9 लोग झुलस गए।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 6:26 PM IST
Spray Bottle Blast in Bhavnagar
प्रतीकात्मक तस्वीर

Scrap Yard Accident: भावनगर के कुंभारवाड़ा इलाके में भंगार से निकाली गई स्प्रे की बोतलों को तोड़ते समय अचानक ब्लास्ट हो गया। इससे लगी आग में एक ही परिवार के तीन से अधिक बच्चों, महिला और अन्य सदस्यों समेत करीब 9 लोग झुलस गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सर टी. अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना शहर के कुंभारवाड़ा स्थित मिल की चाली इलाके की है।

भंगार का काम करता है परिवार

जानकारी के अनुसार एक परिवार झोपड़ी में भंगार का काम करता है। परिवार के लोग भंगार में आई परफ्यूम और अन्य स्प्रे की बोतलों से लोहे के ढक्कन निकाल रहे थे। इसके लिए वे हथौड़े से बोतलों को तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक एक बोतल में ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास रखी दूसरी बोतलों को भी चपेट में ले लिया। इससे वहां मौजूद परिवार के लोग आग की चपेट में आ गए।

बच्चे जलती हालत में बाहर भागे

पड़ोसी और प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि परिवार भंगार का काम करता है। वे स्प्रे की बोतलों से लोहे के ढक्कन निकालने के लिए उन्हें हथौड़े से तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक चिंगारी उठी और बोतलों में आग लग गई। कुछ ही देर में जोरदार धमाके होने लगे और बोतलें इधर-उधर उड़ने लगीं। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को लगा कि किसी ने बम फेंका है। लोग अपने बच्चों को लेकर घरों से बाहर भागने लगे। इसी बीच परिवार के बच्चे जलती हालत में बाहर दौड़ते हुए आए। आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी फैल चुकी थी कि उसे काबू करना मुश्किल हो गया। झुलसे हुए लोग भी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

काकाजी भंगार में लाए थे बोतलें

हादसे में झुलसे युवक साहिल ने बताया कि वे एल्यूमीनियम की स्प्रे बोतलों को तोड़कर उनमें भरी हवा और गैस निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक आग का भड़का हुआ। यह कैसे हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। ये बोतलें उसके काका भंगार में कहीं से लेकर आए थे। हादसे में उनके एक ही परिवार के कई सदस्य झुलस गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated on:
23 Nov 2026, 6:26 PM IST
Published on: