राष्ट्रीय

BJP ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का किया ऐलान, जानें किसे मिली जिम्मेदारी

बीजेपी ने रविवार को संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
2 min read
Dec 14, 2025
Feature image
नितिन नबीन बने BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

BJP National Working President: बीजेपी ने रविवार को संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रेस रिलीज जारी कर यह जानकारी दी है। नितिन नबीन जेपी नड्डा की जगह लेंगे।

कौन हैं नितिन नबीन?

नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं और बिहार के एक अनुभवी नेता हैं। वह बिहार की नीतीश सरकार में सड़क निर्माण मंत्री भी हैं। पटना में जन्मे नितिन नबीन, भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। अपने पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने सक्रिय चुनावी राजनीति में प्रवेश किया था। 

26 साल की उम्र में बने विधायक 

नितिन नबीन 26 साल की उम्र में पहली बार विधायक बने थे। 2006 में पटना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव में जीत हासिल कर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। उसके बाद से वह लगातार चुनाव जीतते रहे। वहीं 2008 में परिसीमन के बाद पटना वेस्ट सीट का नाम बांकीपुर हो गया। इसी सीट से नितिन नबीन लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं।

51 हजार वोटों से दर्ज की थी जीत

नितिन नबीन ने हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव में पटना जिले की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर आरजेडी की रेखा कुमारी को 51,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराकर अपनी सीट बरकरार रखी थी।

छत्तीसगढ़ के भी रह चुके हैं प्रभारी

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने नितिन नबीन को प्रभारी बनाया था। इस चुनाव में पार्टी ने शानदार जीत भी दर्ज की थी। नितिन नबीन को संगठन में भी काम करने का खासा अनुभव है।

PM मोदी ने दी बधाई

पीएम नरेंद्र मोदी ने पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर नितिन नबीन को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “नितिन नबीन ने एक मेहनती कार्यकर्ता के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और मेहनती नेता हैं, जिनके पास संगठन का बहुत अनुभव है और बिहार में कई बार MLA और मंत्री के तौर पर उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है।”

जेपी नड्डा की लेंगे जगह

बता दें कि नितिन नबीन अब जेपी नड्डा की जगह लेंगे। 2020 में नड्डा को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। उनका कार्यकाल जून 2024 में खत्म हो गया था, लेकिन तब से वे एक्सटेंशन पर थे। 

Updated on:
14 Dec 2025 06:05 pm
Published on:
14 Dec 2025 05:19 pm