राष्ट्रीय

नीतीश कुमार के CM पद से इस्तीफे पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, कहा-‘अब बिहार पर गुजरात का शासन होगा’

Tejashwi Yadav: नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे पर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राज्य में नया मुख्यमंत्री जनता की पसंद का नहींं होगा। वहीं, सम्राट चौधरी बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री होंगे।

2 min read
Apr 14, 2026
Tejashwi Yadav
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव (Photo - ANI)

Tejashwi Yadav statement on Nitish Kumar resignation: राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे पर निराशा की और आरोप लगाया कि अब बिहार पर गुजरात का शासन होगा। मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य में भाजपा के लिए रास्ता साफ कर दिया है और नए मुख्यमंत्री 'जनता की पसंद नहीं होंगे।'

तेजस्वी यादव यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा, 'वह महात्मा गांधी के हत्यारों की विचारधारा वाली पार्टी को मजबूत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बापू का नाम लेते थे, लेकिन अब वह भाजपा को मौका दे रहे हैं। उन्होंने नाथूराम गोडसे की विचारधारा वाली पार्टी को अवसर दिया है। वह कर्पूरी जी को गाली देने वालों को स्थापित कर रहे हैं। जो भी सरकार बनाएगा और मुख्यमंत्री बनेगा, वह जनता की पसंद नहीं होगा। मुख्यमंत्री कोई भी हो, बिहार पर अब गुजरात का शासन होगा।'

सम्राट चौधरी बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री

इसी बीच, बिहार के लिए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बिहार में भाजपा विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुना गया है। सम्राट चौधरी बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री होंगे। यह घटनाक्रम बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार द्वारा पटना के लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद सामने आया। नीतीश कुमार पिछले 21 वर्षों से मुख्यमंत्री रहे थे। उन्होंने 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।

नीतीश कुमार बोले, 'नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग'

नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने आज सुबह हुई कैबिनेट बैठक के बाद इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने नई सरकार को अपना पूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया और विश्वास व्यक्त किया कि बहुत अच्छा काम किया जाएगा।'

सोशल मीडिया ‘X’ पर पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'हमने बिहार की जनता के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों तक हमने निरंतर जनता की सेवा की है। हमने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का निर्णय लिया था, इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद हमने माननीय राज्यपाल से मुलाकात कर अपना त्यागपत्र उन्हें सौंप दिया। अब नई सरकार यहां का काम संभालेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। आगे भी बहुत अच्छे काम होंगे और बिहार बहुत तरक्की करेगा।'

इस सत्ता परिवर्तन से बिहार सरकार की बागडोर प्रभावी रूप से भाजपा के हाथों में आ गई है, जो आगामी चुनावों से पहले राज्य की सत्ता संरचना में एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत है।

Published on:
14 Apr 2026 06:28 pm