केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि वे बिहार के नायक नहीं, बल्कि खलनायक हैं। उन्होंने तेजस्वी के पोस्टर को लेकर मजाक उड़ाया, जिसमें उन्हें 'बिहार का नायक' बताया गया था।
एक दिन बाद छह नवंबर को बिहार में पहले चरण का मतदान होना है। ऐसे में चुनाव प्रचार के शोर अब थम गए हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता नित्यानंद राय ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर करारा हमला बोला है।
नित्यानंद राय ने तेजस्वी के एक पोस्टर को लेकर मजाक उड़ाया है। जिसमें राजद नेता को 'बिहार का नायक' बताया गया है। नित्यानंद ने कहा कि वह बिहार के नायक नहीं बल्कि 'खलनायक' हैं।
भाजपा नेता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लोग बिहार में जंगल राज नहीं चाहते हैं। इस चुनाव में उनका (महागठबंधन) सफाया हो जाएगा। तेजस्वी 2020 में भी ऐसे ही सपने देखे थे, लेकिन पूरा नहीं हुआ।
नित्यानंद ने यह तक दावा कर दिया कि तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से हार रहे हैं, इसलिए उनके मुख्यमंत्री बनने का सवाल ही नहीं उठता।
उन्होंने कहा कि घोटाले, भ्रष्टाचार, भय फैलाने, नरसंहार और बलात्कारियों को पनाह देने के कारण वह बिहार के नायक नहीं, 'खलनायक' हैं।
नित्यानंद ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब खत्म हो चुकी है। लोगों को याद है कि जहां भी कांग्रेस सत्ता में रही है, वहां तुष्टिकरण का ही बोलबाला रहा है।
उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस ने घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराकर और उन्हें हर चीज का अधिकार देकर बिहार के युवाओं की नौकरियां छीन ली हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले चरण का चुनाव प्रचार समाप्त हो चुका है और 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान भी पूरा हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से विकास की गंगा हर गांव, हर व्यक्ति, हर घर तक पहुंच रही है।
उन्होंने आगे कहा कि लोगों ने जंगल राज, भय का माहौल, बिहार से पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा की बदहाली और टूटी सड़कों को देखा है, जिसने बिहार को बदनाम किया और इसे विकास से कोसों दूर रखा। 2005 से, बिहार के लोगों ने विकास देखा है। उन्होंने अपने गांवों और घरों में बिजली देखी है।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 121 सीटों पर मतदान 6 नवंबर (गुरुवार) को होगा। शेष 122 सीटों पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।