NSUI Protest NEET Exam: नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद राष्ट्रीय छात्र संघ के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
NEET Paper Leak Allegations 2026: नीट यूजी 2026 परीक्षा के पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने इस परीक्षा को रद्द कर दिया है। परीक्षा रद्द होने से नाराज राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को शास्त्री भवन में बैरिकेड्स पर चढ़ते हुए देखा गया, जो उनके विरोध का प्रतीक था।
आपको बता दें कि इस साल NEET परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। NTA के अनुसार , 22.79 लाख छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया, जो भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में 5,400 से अधिक केंद्रों में आयोजित की गई थी।
इससे पहले नीट परीक्षा को नीलामी बताते हुए, लोकसभा सांसद और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रश्नपत्र लीक की आलोचना की थी। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में कम से कम 89 प्रश्नपत्र लीक हुए हैं और 48 बार परीक्षा दोबारा आयोजित की गई है।
राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया X पर लिखा, 'मैंने NEET 2026 के प्रश्नपत्र लीक होने की खबर सुनी। अब यह परीक्षा नहीं रही- NEET तो एक नीलामी बन गई है। परीक्षा से 42 घंटे पहले ही WhatsApp पर कई प्रश्नपत्र बेचे जा रहे थे। 22 लाख से अधिक बच्चों ने पूरे साल रात-दिन जागकर पढ़ाई की और एक ही रात में उनका भविष्य खुलेआम बाजार में नीलाम हो गया। यह पहली बार नहीं है। 10 सालों में 89 बार प्रश्नपत्र लीक हुए, 48 बार परीक्षा दोबारा हुई। हर बार वही वादे और फिर वही चुप्पी।'
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की जमकर आलोचना करते हुए कहा कि भारत में युवाओं के भविष्य के लिए मोदी सरकार से बड़ा खतरा कोई नहीं है। उन्होंने कहा, 'पीएम मोदी जब आप हर नाकामी का बोझ जनता पर डालते हैं, तो गरीबों के बच्चों का भविष्य भी उसी बोझ में शामिल हो जाता है। 22 लाख बच्चों का भरोसा चकनाचूर हो गया है। और भारत के युवाओं के सपनों के लिए मोदी सरकार से बड़ा खतरा कोई नहीं है। मैं भारत के युवाओं के साथ खड़ा हूं। यह बेहद मुश्किल समय है, मैं जानता हूं। लेकिन यह व्यवस्था ऐसे ही नहीं रहेगी। हम सब मिलकर इसे बदलेंगे।