
Sambalpur Shocking Incident: ओडिशा के संबलपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। मानेश्वर चौक पर एक व्यक्ति सड़क हादसे में मारे गए कुत्ते का मांस खाते हुए मिला। स्थानीय लोगों का दावा है कि वह कई दिनों से भूखा था। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले वह पास के एक होटल में भी खाना मांगने गया था, लेकिन वहां से उसे बिना खाए लौटना पड़ा। हालांकि इस बात की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
यह घटना शुक्रवार रात करीब 9:10 से 9:15 बजे के बीच की है। मानेश्वर चौक से गुजर रहे कुछ आम लोगों ने सड़क के बीचों-बीच एक शख्स को अजीब हरकत करते देखा। जब लोग उसके करीब पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वे यह देखकर सन्न रह गए कि वह शख्स किसी वाहन की चपेट में आकर मरे हुए कुत्ते का मांस खा रहा था। देखने से उसकी हालत बेहद दयनीय लग रही थी। उसकी शारीरिक बनावट और अजीब हरकतों को देखकर स्थानीय लोगों को अंदाजा हो गया कि वह न सिर्फ भयंकर भूख से जूझ रहा है, बल्कि उसकी मानसिक हालत भी ठीक नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस खौफनाक कदम को उठाने से ठीक पहले वह शख्स पास के ही एक छोटे होटल में गया था। उसने वहां कुछ खाने के लिए मांगा, लेकिन उसकी बोली और हालत को देखकर होटल के कर्मचारियों ने उसकी बात को ठीक से समझा नहीं और उसे वहां से भगा दिया। जब शख्स हर तरफ से निराश हो गया और उसे पेट की आग बुझाने का कोई जरिया नहीं दिखा, तब शायद उसने इस अमानवीय और मजबूरी भरे रास्ते को चुन लिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। मौके से मृत कुत्ते की हड्डियां भी बरामद की गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।