
Online Cab Booking: Ola में जल्दी राइड बुक करने के लिए मांगे जाने वाली एक्सट्रा टिप का फिचर अब बंद होने जा रहा है। इसके साथ ही ओला पर इस तरह के फिचर के जरिए ग्राहकों से ज्यादा पैसे लेने के मामले में 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। दरअसल, Ola ने अपने ऐप पर ऐसा ऑप्शन दे रखा था, जिससे ग्राहकों को मैसेज मिलता था कि एक्स्ट्रा पैसे देने से जल्दी राइड मिलती है।
इस मामले को लेकर अब केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने इस तरीके को ग्राहकों को गुमराह करने वाला माना है। इसके चलते ओला का संचालन करने वाली एएनआई टेक्नोलॉजीज पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
CCPA के आदेश के मुताबिक, Ola के ऐप पर ड्राइवर के बुकिंग स्वीकार करने से पहले ग्राहकों को अतिरिक्त पैसे देने का ऑप्शन मिलता था। ऐप पर लिखा आता था कि टिप देने से जल्दी राइड मिलने की संभावना बढ़ सकती है। शुरुआत में ग्राहकों को 10 से 40 रुपए तक की रकम देने का ऑप्शन मिलता था, जो बाद में बढ़ता गया। इसके बाद ऐप पर अधिकतम 499 रुपए तक अतिरिक्त भुगतान देने का ऑप्शन दिखाई देने लगा।
ओला ने CCPA से कहा कि यह भुगतान पूरी तरह ग्राहक की मर्जी पर था और पूरी रकम ड्राइवर को मिलती थी। कंपनी का दावा था कि इससे ड्राइवर उन राइड को भी स्वीकार कर सकते हैं, जिनमें उन्हें यात्री तक पहुंचने के लिए ज्यादा दूरी तय करनी पड़ती है। हालांकि, CCPA ने कंपनी के आंकड़ों को ही उसके दावे के खिलाफ पाया। दिल्ली में अतिरिक्त भुगतान वाले करीब 32 फीसदी बुकिंग अनुरोध स्वीकार हुए, जबकि बिना अतिरिक्त भुगतान वाले 68 फीसदी अनुरोध स्वीकार किए गए। बेंगलुरु में भी यह आंकड़ा रहा जोकि 39 फीसदी और 68 फीसदी रहा।
CCPA ने कहा कि अगर अतिरिक्त पैसे देने से राइड मिलने की संभावना नहीं बढ़ती तो ऐप का दावा गलत है। वहीं, अगर इससे राइड मिलने की संभावना बढ़ती है तो बिना अतिरिक्त पैसे देने वाले ग्राहक नुकसान में रहते हैं। CCPA ने इसे भ्रामक विज्ञापन, अनुचित कारोबारी तरीका और ग्राहकों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने वाला तरीका माना। ऐसे में अब ओला को यह फिचर बंद करने का आदेश मिला है और पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट 15 दिन में पेश करने को कहा गया है।