
INDIA Bloc Protest: दिल्ली में इंडिया गठबंधन के द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) ने प्रतिक्रिया दी है। प्रदर्शन को मनगढ़ंत बताने के मामले में अब्दुल्ला ने कहा कि यह फर्जी नहीं है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक करियर को लेकर भी तंज कसा। दरअसल, नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। अब वे देश के प्रधानमंत्री हैं। इस तरह पीएम मोदी ने सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे कर लिए हैं।
प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि अगर यह प्रदर्शन फर्जी होता तो सबसे पहले उस अखबार के खिलाफ कार्रवाई होती जिसकी रिपोर्ट के जरिए यह पूरा मामला सामने आया है। उनका कहना है कि अब तक जिस अखबार ने इस पूरे मामले को उजागर किया है उसके खिलाफ किसी भी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह प्रदर्शन पिछले दिनों दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की बैठक का नतीजा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पहले ही महीने भर का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। दिल्ली में जो प्रदर्शन हो रहा है, यह उसी का नतीजा है।
अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि अगर यह प्रदर्शन मनगढ़ंत या फर्जी होता तो सबसे पहले उस अखबार पर कार्रवाई की जाती। लेकिन अभी तक सरकार ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है और न ही किसी तरह का मानहानि का मुकदमा किया है। ऐसे में यह बात स्पष्ट होती है कि चुनाव आयोग में गंभीर कमियां हैं और इंडिया गठबंधन द्वारा किया जा रहा प्रदर्शन सही है।
अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीति में बतौर 'हेड ऑफ द गवर्नमेंट' के रूप में 25 साल पूरे करने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जरूर कुछ ऐसा किया है जिसकी वजह से लोगों ने उन्हें बार-बार वोट देकर 25 साल तक चुना है। अब्दुल्ला ने कहा कि लगातार 25 साल तक पहले राज्य के और बाद में केंद्र के चुनाव जीतना आसान नहीं है।
मंगलवार को चुनाव आयुक्त के खिलाफ किए गए प्रदर्शन के कारण दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान बिना अनुमति के आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने के आरोप में FIR दर्ज की है।