राष्ट्रीय

महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े उलटफेर के संकेत, क्या एक होगी उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे की शिवसेना?

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय की चर्चा के बीच अब दोनों शिवसेना के एक होने को लेकर भी बयानबाजी तेज हो गई है। सांसद ओमराजे निंबालकर ने कहा कि दोनों गुट एक साथ आते हैं तो उनसे ज्यादा खुशी किसी को नहीं होगी।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 5:29 PM IST
Eknath Shinde Uddhav Thackeray
उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे। फाइल फोटो- पत्रिका

Shiv Sena News: महाराष्ट्र की राजनीति में दोनों शिवसेना के फिर से एक होने की चर्चा तेज हो गई है। शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद ओमराजे निंबालकर ने कहा है कि दोनों गुट एक साथ आते हैं तो उनसे ज्यादा खुशी किसी को नहीं होगी। वहीं, मंत्री भरत गोगावले ने भी इस संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में कभी भी कुछ भी हो सकता है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के विलय की चर्चा के बीच अब शिवसेना के दोनों गुटों के एक होने को लेकर भी बयानबाजी शुरू हो गई है।

महाराष्ट्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज

कुछ दिन पहले सांसद ओमराजे निंबालकर ने दोनों शिवसेना के एक होने की इच्छा जताई थी। अब उन्होंने एक बार फिर कहा कि दोनों गुट साथ आते हैं तो उन्हें सबसे ज्यादा खुशी होगी। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। मंत्री भरत गोगावले ने भी दोनों शिवसेना के एक होने के सवाल पर अपनी बात रखी।

'राजनीति में कुछ भी हो सकता है'

उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें ऐसी कोई संभावना नजर नहीं आ रही है, लेकिन राजनीति में कुछ भी हो सकता है। यहां सुबह का फैसला शाम तक और शाम का फैसला सुबह तक बदल सकता है। इसलिए भविष्य में क्या होगा, यह अभी नहीं कहा जा सकता। गोगावले ने यह भी कहा कि संभव है गुलाबराव पाटिल को इस बारे में कोई संकेत मिला हो। वे अगले मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में गुलाबराव से इस बारे में पूछेंगे।

गुलाबराव ने शिंदे को बताया था इंजन

इससे पहले मंत्री गुलाबराव पाटिल ने दोनों शिवसेना के एक होने के सवाल पर रेलगाड़ी का उदाहरण दिया था। उन्होंने कहा था कि वे इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। वे रेलगाड़ी के डिब्बे की तरह हैं और एकनाथ शिंदे उनके इंजन हैं। इंजन जहां जाएगा, डिब्बा भी वहीं जाएगा। यानी इस मामले में अंतिम फैसला एकनाथ शिंदे को ही करना है। गुलाबराव पाटिल के इस बयान के बाद दोनों शिवसेना के एक होने की अटकलों को फिर हवा मिली है। हालांकि, अभी तक दोनों गुटों के एकीकरण को लेकर कोई आधिकारिक पहल सामने नहीं आई है।

Updated on:
12 Nov 2026, 5:29 PM IST
Published on: