US rescue helicopter also damaged: ईरान की सीमा के भीतर अमेरिकी फाइटर जेट क्रैश हो गया। एक पायलट को बचा लिया गया है। जानिए ट्रंप ने इस पर क्या कहा...
Iran-Israel War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान द्वारा F-15E को निशाना बनाए जाने के बावजूद चल रही बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, जब उनसे यह पूछा गया कि विमान में सवार दोनों पायलट जीवित हैं, और अगर ईरान की सेना उन्हें प्रीजनर्स ऑफ वॉर बना लेती है तो वाशिंगटन क्या करेगा? इस पर डोनाल्ड ट्रंप चुप्पी साध गए।
अमेरिकी मीडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि वह इस बारे में खुलकर कुछ नहीं कह सकते कि अगर ईरानी सेना उन अमेरिकी पायलटों तक पहुंच जाती है तो हम क्या करेंगे। ट्रंप ने आगे कहा कि हमें उम्मीद है कि ऐसा नहीं होगा।
पेंटागन ने कांग्रेस की हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी को बताया कि F-15E फाइटर जेट के गिरने के बाद एक सर्विस मेंबर की स्थिति अभी अज्ञात है। कांग्रेस के एक सहायक ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि कमेटी को सूचित किया गया कि एक F-15 जेट को मार गिराया गया, जिसमें से एक सर्विस मेंबर को बचा लिया गया है। दूसरे सर्विस मेंबर की ड्यूटी स्टेटस अज्ञात है। इसका मतलब है कि रक्षा विभाग को इस व्यक्ति के ठिकाने की कोई जानकारी नहीं है।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पर्सियन गल्फ के ऊपर एक और अमेरिकी लड़ाकू विमान गिर गया, लेकिन पायलट को सुरक्षित बचा लिया गया। ईरानी राज्य मीडिया ने दावा किया कि IRGC (ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड) ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास एक A-10 “वारथोग” विमान को निशाना बनाया।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि लापता F-15E क्रू मेंबर को बचाने के लिए भेजे गए दो एयर फोर्स हेलीकॉप्टर (जिनमें से एक ब्लैक हॉक था) भी हमले में क्षतिग्रस्त हो गए। सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि ईरान के दक्षिण-पश्चिम में एक सी-130 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर बेहद कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे। IRGC ने दावा किया कि इन दो में से एक हेलीकॉप्टर को ईरान-इराक सीमा के पास एयर डिफेंस सिस्टम ने निशाना बनाया। हमले के बाद हेलीकॉप्टर मौके से भाग निकला। इराकी मीडिया चैनलों में रिपोर्ट आई है कि हेलीकॉप्टर को गोली मारी गई और वह इराक के अंदर गिरा। अभी तक पेंटागन और अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने हेलीकॉप्टर वाले इस घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।