
Opposition protest: सीजेपी के संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष ने सड़क पर मार्च निकाला। राहुल गांधी और अन्य सांसद प्रधानमंत्री आवास के नजदीक धरने पर बैठ गए हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से धरनास्थल पर वार्ता की। वहीं राहुल गांधी ने धमेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होने तक धरना जारी रहने की बात कही है।
धरने पर बैठे राहुल गांधी मंत्री धमेंद्र प्रधान व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे पर अड़ गए। वार्ता बेनतीजा रहने के कारण केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह धरना स्थल से रवाना हो गए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि, कल युवा छात्रों के साथ हुई बर्बरता के बारे में जवाब मांगने के लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर तक मार्च कर रहे हैं। सरकार न तो इसकी कोई जिम्मेदारी लेना चाहती है और न ही संसद में इस पर कोई बहस करना चाहती है। भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा दे देना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगता है कि वो बिना जवाब दिए, बिना किसी नतीजे का सामना किए बच निकलेंगे, वे ऐसा नहीं कर पाएंगे, इस बार तो बिल्कुल नहीं।
मैं हर उस देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों। देश के छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस मीडिया प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा, कि राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री मोदी का जवाब नहीं मिलने तक पूरी रात धरनास्थल पर विरोध-प्रदर्शन करेंगे। उन्होने कहा कि मामले में अब प्रधानमंत्री मोदी को चुप्पी तोड़नी चाहिए। छात्रों पर हुई पुलिस की बर्बरतापूर्ण कार्रवाई पर गृहमंत्री अमित शाह को जवाब देना चाहिए।
दिल्ली में लोक कल्याण मार्ग पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान, पार्टी सांसद रेणुका चौधरी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाहर आना चाहिए, हम लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं। आप वंदे मातरम पर ध्यान दे रहे हैं, आप इसे अब समझ रहे हैं, जबकि हम तो इसे बचपन से ही जानते हैं।