राष्ट्रीय

Maharashtra: पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम का खतरनाक सच आया सामने, प्रयोगशाला जांच में हजारों गुना जहरीले तत्व मिले

Pakistani Beauty Cream: नांदेड में जब्त पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम में पारा और अन्य जहरीले तत्व तय सीमा से हजारों गुना अधिक मिले हैं। सरकारी प्रयोगशाला की जांच में एक क्रीम में पारे की मात्रा तय सीमा से 48 हजार गुना ज्यादा पाई गई है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 9:52 PM IST
Pakistani beauty cream
प्रतीकात्मक तस्वीर

Mercury In Beauty Cream: महाराष्ट्र के नांदेड में जब्त पाकिस्तानी सौंदर्य क्रीम में पारा और अन्य जहरीले तत्व तय सीमा से हजारों गुना अधिक मिले हैं। सरकारी प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। चार महीने पहले पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने एक दुकान के गोदाम पर छापा मारकर करीब 40 लाख रुपए के नकली सौंदर्य प्रसाधन जब्त किए थे। इनका इस्तेमाल चेहरे को गोरा करने के लिए किया जा रहा था।

गोदाम पर छापा मारा

मामला नांदेड शहर के बर्की चौक स्थित अफरा कलेक्शन दुकान से जुड़ा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां पाकिस्तानी निर्मित सौंदर्य प्रसाधन बेचे जा रहे हैं। इसके बाद इतवारा पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दुकान के गोदाम पर संयुक्त रूप से छापा मारा। जांच में पता चला कि दुकान का मालिक मोहम्मद जियाउद्दीन टूर्स एंड ट्रैवल्स की आड़ में यह कारोबार चला रहा था।

नकली सौंदर्य प्रसाधन जब्त

कार्रवाई के दौरान टीम ने मेड इन पाकिस्तान के लेबल वाले अलग-अलग ब्रांड के नकली सौंदर्य प्रसाधन जब्त किए। इनकी कुल कीमत 39 लाख 69 हजार 940 रुपए आंकी गई। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जब्त सामग्री के नमूने जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजे थे। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट में इन उत्पादों में पारा (मरकरी) और आर्सेनिक जैसे जहरीले तत्वों की मौजूदगी सामने आई है। खास बात यह है कि कुछ क्रीम में पारे की मात्रा तय सीमा से हजारों गुना अधिक पाई गई है।

पारे की मात्रा तय सीमा से करीब 48 हजार गुना अधिक

रिपोर्ट के अनुसार एक ब्यूटी क्रीम में पारे की मात्रा 48,453.44 पीपीएम मिली है। जबकि सौंदर्य प्रसाधन नियमों के अनुसार इसकी अधिकतम सीमा 1 पीपीएम है। इस तरह क्रीम में पारे की मात्रा तय सीमा से करीब 48 हजार गुना अधिक पाई गई। इसी तरह एक अन्य ब्यूटी क्रीम में पारे की मात्रा 6,924.94 पीपीएम मिली है। यह भी तय सीमा से करीब 7 हजार गुना अधिक है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट सामने आने के बाद जब्त सौंदर्य प्रसाधनों की गुणवत्ता और उनके इस्तेमाल से होने वाले संभावित नुकसान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बता दें कि पारे और आर्सेनिक जैसे तत्वों का लंबे समय तक संपर्क शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इनसे त्वचा, गुर्दे और तंत्रिका तंत्र पर बुरा असर पड़ने का खतरा रहता है।

Updated on:
13 Nov 2026, 9:52 PM IST
Published on: