
Pargat Singh: पंजाब कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने पद संभालने के बाद अपने पूर्ववर्ती अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की तारीफ की है। वड़िंग के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए परगट सिंह ने कहा कि उन्होंने करीब पांच साल तक संगठन को अच्छी तरह संभाला और अच्छा काम किया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग समय पर अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारियां देना कांग्रेस की संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है। जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक और पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह को राजा वड़िंग की जगह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब राज्य में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में बदलाव हुआ है।
राजा वड़िंग के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए परगट सिंह ने कहा कि राजा अमरिंदर सिंह वड़िंग ने अच्छा काम किया है। उन्होंने लगभग पांच साल तक संगठन को अच्छे से संभाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अलग-अलग लोगों को अलग-अलग समय पर अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जाती हैं और यह संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है। परगट सिंह ने पंजाब के मौजूदा हालात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में नफरत की राजनीति का माहौल बढ़ रहा है और ऐसे समय में पंजाब अपनी भूमिका निभाएगा।
नए प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद परगट सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पद उनके लिए केवल एक पद नहीं है, बल्कि पंजाब के लोगों और पार्टी के हर कार्यकर्ता के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को भरोसा जताने के लिए धन्यवाद दिया।
परगट सिंह ने कहा कि वह पूरी ईमानदारी, समर्पण और दृढ़ता के साथ पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश पंजाब के लोगों की आवाज बनने की होगी। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की। परगट सिंह ने कहा कि सभी को मिलकर पंजाब के हकों, विकास और बेहतर भविष्य के लिए काम करना चाहिए।