
पंजाब के मनसा में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी। झोटा प्रदेश में नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री का मुद्दा उठाते थे। परविंदर सिंह झोटा की मौत के बाद उनकी मां ने पंजाब पुलिस और भगवंत मान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत के बारे में पुलिस ने परिवार को सूचना तक नहीं दी। मां ने भावुक होते हुए बताया कि उनका बेटा अक्सर कहता था कि उसके कई दुश्मन हैं और वे उसे मरवा देंगे।
परविंदर सिंह झोटा की मां ने नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ड्रग माफिया को फांसी पर लटका देना चाहिए या गोली मार देनी चाहिए।
परविंदर सिंह की मां ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नशे के खिलाफ जंग चलाने और इसे खत्म करने की बात करते हैं, लेकिन उनके बेटे की जान चली गई। मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की मौत के लिए भगवंत मान जिम्मेदार हैं।
उन्होंने बताया कि वह अपने बेटे को अक्सर घर से बाहर नहीं जाने के लिए कहती थीं। उन्हें डर था कि कहीं उसके साथ कोई अनहोनी न हो जाए। बेटे की मौत के बाद मां का दर्द और गुस्सा सामने आया है।
वहीं परविंदर सिंह झोटा के पिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री से अपने पोते-पोतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार उनके बेटे को सुरक्षा देने में नाकाम रही, जिसके चलते अब उनके परिवार के अन्य सदस्य भी खतरे में हैं।
झोटा की हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन के बीच उनके पिता ने कहा कि राज्य सरकार ने उनके बेटे की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने उसे कोई सुरक्षा नहीं दी। हमारी रक्षा के लिए भी कोई आगे नहीं आया। अब मेरे पोते-पोतियों की जान को भी खतरा है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री से अपील करता हूं कि उनकी सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं।
बेटे की हत्या के बावजूद झोटा के पिता ने नशे के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जब तक वह जीवित हैं, पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे।
उन्होंने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि सरकार नशा तस्करों को संरक्षण दे रही है। साथ ही, उन्होंने मानसा में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने की अपील की।
झोटा के पिता ने कहा कि हमें मानसा में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करना होगा। ऐसा नहीं हुआ तो पंजाब के बच्चों को इसी तरह परेशानी झेलनी पड़ेगी। मुझे मौत का डर नहीं है। मैं गोली खाने के लिए भी तैयार हूं।