
Pawan Kalyan Divorce News: साउथ के सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है। हाल ही में उनकी तीसरी पत्नी अन्ना लेझनेवा से अलग होने की खबरों के बाद एक बार फिर उनके पुराने रिश्तों और शादियों पर बहस छिड़ गई है। उनकी पूर्व पत्नी और अभिनेत्री रेणु देसाई ने समाज के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुरुष कई बार शादी कर सकते हैं, लेकिन महिलाओं के दूसरे रिश्ते के बारे में सोचने पर भी सवाल उठाए जाते हैं। रेणु ने यह भी बताया कि पवन से तलाक के 14 साल बाद भी उनकी पहचान को सिर्फ उनकी पूर्व पत्नी के तौर पर देखा जाता है। उन्होंने अपने इस दर्द की तुलना भगवान राम के वनवास से की।
पवन कल्याण से साल 2012 में तलाक के लगभग 5 साल बाद रेणु देसाई ने एक इंटरव्यू में अपनी पर्सनल लाइफ और दोबारा शादी करने की इच्छा पर खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि स्वास्थ्य से जुड़ी एक परेशानी के बाद उन्हें जीवन में एक साथी की जरूरत महसूस हुई थी। हालांकि, इस बयान के बाद पवन कल्याण के कुछ प्रशंसकों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया था और यहां तक कह दिया था कि अगर उन्होंने दोबारा शादी की, तो वे उनके प्रति सम्मान खो देंगे।
इस पर रेणु ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर समाज की सोच पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए लिखा था, 'हमारे समाज में एक पुरुष कुछ भी कर सकता है और कितनी भी बार शादी कर सकता है, लेकिन किसी महिला के लिए दूसरे रिश्ते के बारे में सोचना भी पाप माना जाता है। क्या किसी महिला को पछतावे के साथ पूरी जिंदगी अकेले ही रहना चाहिए?' हालांकि, बाद में रेणु ने दोबारा शादी नहीं की और आज भी सिंगल हैं।
भले ही रेणु को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा हो, लेकिन उन्होंने कई मौकों पर पवन कल्याण के साथ अपने अच्छे रिश्तों का जिक्र किया है। साल 2017 में 'ABN तेलुगु' को दिए एक इंटरव्यू में रेणु ने कहा था कि वह पवन को सबसे अच्छी तरह समझने के करीब थी। उन्होंने कहा था कि हम कभी पारंपरिक पति-पत्नी की तरह नहीं रहे, बल्कि बहुत अच्छे दोस्त थे। हम साथ काम करते थे और वह मुझसे ज्यादा बातें शेयर करते थे।
हाल ही में 'Visual Talks Podcast' में बात करते हुए रेणु ने दर्द बयां किया कि इतने साल बीत जाने के बाद भी लोग उन्हें स्वतंत्र पहचान देने के बजाय आज भी सिर्फ पवन कल्याण की पूर्व पत्नी के रूप में ही देखते हैं। अपनी स्थिति की तुलना भगवान राम के 14 साल के वनवास से करते हुए उन्होंने सवाल किया, '14 साल हो गए हैं। भगवान राम भी वनवास में रहे थे, लेकिन सिर्फ 14 साल के लिए। मेरा वनवास कब खत्म होगा?'
पवन कल्याण अपनी तीन शादियों को लेकर उठने वाले सवालों पर पहले भी जवाब दे चुके हैं। साल 2023 में 'अनस्टॉपेबल विद एनबीके' शो में नंदमुरी बालकृष्ण से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी पहली दो शादियों के बारे में खुलकर बात की थी। पवन ने बताया था कि उनकी पहली शादी नंदिनी से परिवार के बड़ों की मर्जी से हुई थी। हालांकि, यह रिश्ता आगे नहीं चल पाया और दोनों अलग हो गए। रेणु देसाई के साथ दूसरी शादी को लेकर उन्होंने कहा था कि दोनों के बीच विचारों में मतभेद या आपसी सहमति की कमी जैसी परिस्थितियां रही होंगी, जिसकी वजह से रिश्ता टूट गया।
तीन शादियों को लेकर होने वाली आलोचनाओं पर पवन ने कहा था कि उन्होंने तीनों महिलाओं से एक ही समय पर शादी नहीं की थी और न ही वे सभी के साथ एक साथ रहते थे। उनका कहना था कि जब एक रिश्ता सफल नहीं हुआ, तो उन्हें दूसरी शादी करनी पड़ी। उन्होंने साफ किया था कि उनकी शादियां किसी शौक या आकर्षण के चलते नहीं हुईं, बल्कि हालात ऐसे बने। पवन के मुताबिक, इन रिश्तों से उन्हें खुशी से ज्यादा दर्द मिला।