राष्ट्रीय

केरल में बदल रही है सत्ता? रिजल्ट से पहले ही सिटिंग सीएम ने दे दिया बड़ा संकेत

Kerala Election 2026: केरल चुनाव नतीजों से पहले सीएम पिनराई विजयन ने सोशल मीडिया बायो से मुख्यमंत्री हटाया। एग्जिट पोल में LDF पीछे, क्या बदल रही है सत्ता?

2 min read
May 03, 2026
Kerala Election 2026 (Image: ANI)

Kerala Election 2026, Pinarayi Vijayan Social Media Bio Change: केरल विधानसभा चुनाव के नतीजों से ठीक पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अपने सोशल मीडिया बायो में बदलाव किया है, जिसके बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसे सत्ता में बदलाव के संभावित संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है। अब उनके बायो में 'पोलित ब्यूरो सदस्य, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी)' लिखा है जबकि पहले उसमें मुख्यमंत्री पद का जिक्र भी शामिल था।

ये भी पढ़ें

बंगाल में मतगणना से पहले नया विवाद, सुवेंदु अधिकारी ने अधिकारियों पर लगाया बड़ा आरोप

बायो बदलने के बाद बढ़ी चर्चा

पिनराई विजयन के इस कदम को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। खासकर इसलिए क्योंकि यह बदलाव वोटों की गिनती से ठीक एक दिन पहले किया गया है। कुछ लोग इसे नतीजों से पहले का राजनीतिक संदेश मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे सामान्य बदलाव बता रहे हैं। हालांकि, इस बदलाव को लेकर मुख्यमंत्री या उनकी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश

पिनराई विजयन इस बार अपने गढ़ धर्मदम सीट से लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की कोशिश में हैं। यह सीट वाम दलों का मजबूत गढ़ माना जाता है लेकिन इस बार मुकाबला पहले से ज्यादा कड़ा माना जा रहा है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने यहां वीपी अब्दुल रशीद को उम्मीदवार बनाया है जबकि भारतीय जनता पार्टी ने के. रंजीत को मैदान में उतारा है।

पिछली जीत के आंकड़े

पिछले चुनावों में पिनराई विजयन ने धर्मदम सीट पर मजबूत प्रदर्शन किया था। 2021 में उन्हें करीब 59.8 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि यूडीएफ उम्मीदवार को लगभग 28.4 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं 2016 में उन्होंने पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ते हुए करीब 30 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

एग्जिट पोल में LDF को झटका

इस बार आए एग्जिट पोल के आंकड़ों में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को झटका लगने के संकेत मिले हैं। कई सर्वेक्षणों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को बढ़त मिलती दिख रही है। कुछ अनुमानों में यूडीएफ को स्पष्ट बहुमत मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि एलडीएफ को सीटों में गिरावट का अनुमान है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को सीमित सीटें मिलने का अनुमान है।

एक चरण में हुआ मतदान

केरल में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ था जिसमें करीब 78.27 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। 2016 और 2021 में एलडीएफ ने जीत हासिल कर राज्य में सरकार बनाई थी। खासतौर पर 2021 में एलडीएफ ने परंपरा तोड़ते हुए लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की थी।

4 मई को आएंगे नतीजे

केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। इसी दिन तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणाम भी सामने आएंगे। अब सभी की नजर नतीजों पर टिकी है। इस बीच, मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया बायो में बदलाव ने सत्ता परिवर्तन को लेकर चर्चा और तेज कर दी है।

ये भी पढ़ें

बंगाल चुनाव: स्ट्रॉन्ग रूम सुरक्षा को लेकर घमासान, TMC ने EC को लिखा पत्र, BJP ने उठाए सवाल
Also Read
View All