प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र के नाम संबोधन किया। अपने संबोधन में PM मोदी ने संसद में महिला आरक्षण बिल पास खारिज होने पर महिलाओं से माफी मांगी और जन धन योजना, तीन तलाक, UCC समेत कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा।
PM Modi Address the Nation: संसद में महिला आरक्षण बिल पास (Women Reservation Bill) नहीं होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया। अपने संबोधन में PM मोदी ने महिलाओं से माफी मांगी। PM ने संबोधन की शुरुआत में कहा कि आज मैं देश की माताओं, बहनों और बेटियों से बात करने आया हूं। आज भारत का हर नागरिक देख रहा है कि कैसे भारत की नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया और उनके सपनों को बेरहमी से कुचल दिया गया।
ये भी पढ़ें
PM मोदी ने कहा कि भरसक प्रयास के बावजूद हम सफल नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन नहीं हो पाया। इसके लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूं। उन्होंने आगे कहा कि साथियों, हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है, लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दल हित सबकुछ हो जाता है। दल हित देशहित से बड़ा हो जाता है तो नारी शक्ति और देशहित को इसका खामियाजा उठाना पड़ता है। इस बार भी यही हुआ है।
PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस, DMK, TMC और समाजवादी पार्टी जैसे दलों की स्वार्थी राजनीति का नुकसान देश की नारी शक्ति को उठाना पड़ा है। कल देश की करोड़ों महिलाओं की नजर संसद पर थी। देश की नारी शक्ति देख रही थी। मुझे भी यह देखकर बहुत दुख हुआ, जब नारी हित का प्रस्ताव गिरा तो कांग्रेस, DMK, TMC और सपा जैसी परिवारवादी पार्टियां खुशी से तालियां बजा रही थीं। महिलाओं से उनके अधिकार छीनकर ये लोग मेज थपथपा रहे थे। उन्होंने जो किया, वो केवल टेबल पर थाप नहीं थी, वो नारी के स्वाभिमान और उसके आत्मसम्मान पर चोट थी। नारी सब भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती है।
देश को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि संसद में कांग्रेस और उसके सहयोगियों के व्यवहार की कसक हर नारी के मन में हमेशा रहेगी। देश की नारी जब भी अपने क्षेत्र में इन नेताओं को देखेगी तो वो याद करेगी कि इन्हीं लोगों ने संसद में महिला आरक्षण को रोकने का जश्न मनाया था। संसद में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम का जिन भी दलों ने विरोध किया, उनसे मैं दो टूक कहूंगा, ये लोग नारी शक्ति को हल्के में ले रहे हैं।
वो भूल रहे हैं कि 21वीं सदी की हर नारी देश की हर घटना पर नजर रख रही है। वो उनकी मंशा भांप रही है और सच्चाई भी भली भांति जान चुकी है। इसलिए महिला आरक्षण का विरोध करके जो पाप विपक्ष ने किया है, उसकी उनकी सजा जरूर मिलेगी। इन दलों ने संविधान निर्माताओं की भावनाओं का भी अपमान किया और जनता द्वारा इसकी सजा से भी वो बच नहीं पाएंगे। सदन में नारी शक्ति वंदन संशोधन किसी से भी कुछ छीनने का नहीं था। नारी शक्ति वंदन संशोधन हर किसी को कुछ न कुछ देने का था।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस, DMK, TMC, सपा जैसे दल देश के संविधान के अपराधी है। ये देश की नारी के अपराधी हैं, कांग्रेस महिला आरक्षण के विषय से ही नफरत करती है। उसने हमेशा से ही महिला आरक्षण को रोकने के लिए साजिश की। इस दिशा में पहले जितनी बार भी प्रयास हुए, उसको रोडे अटकाए। इस बार भी कांग्रेस और उसको साथियों में महिला आरक्षण को रोकने के लिए एक से बढ़कर एक झूठ का सहारा लिया। विपक्ष ने ऐसा करके देश की नारी के सामने अपना असली चेहरा सामने लाने का काम किया।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने जनधन योजना, ट्रिपल तलाक, आर्टिकल 370, UCC समेत सभी रिफॉर्म का विरोध किया। ऐसा कोई काम, जिससे देश मजबूत होता है। कांग्रेस उसमें बाधाएं खड़ी करने के लिए पूरी ताकत लगा देती है। कांग्रेस वन नेशन, वन इलेक्शन, घुसपैठियों को भगाने और SIR का विरोध करती है। कांग्रेस ने CAA पर झूठ बोलकर देश में बवंडर खड़ा करने का काम किया। कांग्रेस का एक ही पैटर्न रहा है, कोई भी रिफॉर्म आए तो बाधा डालो और झूठ बोलो। इतिहास साक्षी है, कांग्रेस ने हमेशा यही नेगेटिव रास्ता चुना है।