
PM Modi Giorgia Meloni G7 Summit: दुनिया के बड़े मुद्दों पर रणनीति तैयार करने के लिए फ्रांस के एवियन में जुटे G7 देशों के शिखर सम्मेलन के दौरान नेताओं ने कुछ हल्की-फुल्की बातें भी कीं। सोशल मीडिया पर ऐसे कई क्लिप्स वायरल हो रहे हैं, जो इसी बातचीत के बताए जा रहे हैं। इसमें एक क्लिप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की पीएम जार्जिया मेलोनी की कथित बातचीत का भी है। इस बातचीत पर कांग्रेस काफी आक्रोश में है और पार्टी की नेता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रधानमंत्री पर जमकर निशाना साधा है।
कांग्रेस ने जी7 समिट में शामिल हुए पीएम मोदी के सोशल मीडिया पर वायरल हुई फोटो और वीडियो को लेकर हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हैरान हूं कि यह देखकर गहरा धक्का लगा कि 145 करोड़ भारतीयों के प्रधानमंत्री पीएम मोदी G7 शिखर सम्मेलन में गए और इंस्टाग्राम रील्स के बारे में चुटकुले सुनाने लगे। यह ऐसे समय में हुआ जब विभिन्न देश भू-राजनीतिक संकटों, आर्थिक स्थिरता और उभरती तकनीकों जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एकत्र हुए थे। यह तब और भी चौंकाने वाला है जब US ने तीन भारतीयों की बेरहमी से हत्या कर दी है और भारत में युवा सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं।
सुप्रिया श्रीनेत की बात इस वीडियो में सुनी जा सकती है:
समिट के दरान जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित दुनिया के तमाम बड़े नेता ग्रुप फोटो के लिए इकट्ठा हो रहे थे, तभी पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने एक-दूसरे से गर्मजोशी से हाथ मिलाया। मेलोनी ने मुस्कुराते हुए पीएम मोदी से कहा, 'आपसे दोबारा मिलकर बहुत अच्छा लगा।' इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बेहद दिलचस्प बातचीत हुई।
पीएम मोदी ने हंसते हुए मेलोनी से सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता का जिक्र किया। इस पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने तुरंत मुस्कुराते हुए जवाब दिया- हां, हम (मेलोनी-मोदी) इंस्टाग्राम पर सबसे मशहूर हैं! वैसे क्लिप का ऑडियो बहुत साफ नहीं है और कई लोग इस पर हैरानी भी जता रहे हैं कि क्या वाकई मोदी ने जी-7 समिट जैसे मौके पर रील और इंस्टाग्राम की बातें की होंगी!
सोशल मीडिया पर पीएम मोदी और मेलोनी की फोटो और वीडियो काफी वायरल हो रहे है। वीडियो को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। कुछ यूजर इनको असली बता रहे हैं तो वहीं कुछ यूजर एआई द्वारा निर्मित बता रहे हैं।
इसी समिट के दौरान औपचारिक बैठकों से अलग बातचीत का एक और दिलचस्प वीडियो वायरल हो रहा है। अनौपचारिक बातचीत में जॉर्जिया मेलोनी के साथ जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर मौजूद थे।
इस दौरान बातचीत में मेलोनी ने वैश्विक नेताओं के सामने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि मैंने एक महीने पहले ही सिगरेट पीना छोड़ दिया है। अब नींद भगाने के लिए मैं सिर्फ कॉफी का सहारा लेती हूं और आज मैं 3 कप कॉफी पी चुकी हूं।
आपको बता दें कि एक महीने पहले पीएम मोदी अपनी रोम यात्रा के दौरान मेलोनी के लिए मेलोडी टॉफी का एक पैकेट तोहफे के रूप में लेकर गए थे। इंटरनेट पर दोनों के नामों को मिलाकर चल रहे 'मेलोडी' (Melodi = Meloni + Modi) मीम्स को ध्यान में रखकर दिया गया यह 'स्वीट' गिफ्ट मेलोनी को बेहद पसंद आया था। मेलोनी ने इसका वीडियो शेयर कर पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया था। यह वीडियो दस करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने देखा।