राष्ट्रीय

क्या विदेश यात्रा पर लगने वाला है नया टैक्स? PM मोदी ने देर रात दी बड़ी सफाई

PM Modi on Foreign Travel Tax: पीएम मोदी ने विदेशी यात्रा पर टैक्स या सरचार्ज लगाने की खबरों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने कहा कि इन रिपोर्ट्स में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है।
2 min read
May 16, 2026
PM Modi on Foreign Travel Tax
PM Modi on Foreign Travel Tax (AI Image)

PM Modi on Foreign Travel Tax: पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच विदेश यात्रा पर नए टैक्स या अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की खबरों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। शुक्रवार देर रात पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर इन रिपोर्ट्स को पूरी तरह गलत बताया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेश यात्रा पर किसी तरह का टैक्स या पाबंदी लगाने का सरकार का कोई विचार नहीं है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इन खबरों में रत्तीभर भी सच्चाई नहीं है।

क्या था पूरा मामला?

दरअसल, एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बढ़ती तेल कीमतों और राजकोषीय दबाव को देखते हुए केंद्र सरकार विदेशी यात्राओं पर अस्थायी टैक्स या सेस लगाने पर विचार कर रही है।

यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई जब भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार साल बाद पहली बार बढ़ोतरी की गई। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते तेजी से बढ़ी हैं, जिसका असर भारत समेत कई देशों पर पड़ा है।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “यह पूरी तरह गलत है। इसमें रत्तीभर भी सच्चाई नहीं है। विदेश यात्रा पर किसी प्रकार की पाबंदी लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। हम देश में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

पीएम मोदी की इस प्रतिक्रिया के बाद विदेश यात्रा पर नए टैक्स को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया।

मीडिया संस्थान ने वापस ली रिपोर्ट

प्रधानमंत्री के बयान के कुछ देर बाद संबंधित मीडिया संस्थान ने भी अपनी रिपोर्ट वापस ले ली। संस्थान ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि विदेशी यात्रा पर टैक्स लगाए जाने वाली खबर सही नहीं थी और इसके लिए खेद जताया गया।

तेल संकट और बढ़ती चिंता

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दबाव बढ़ता जा रहा है। भारत अपनी जरूरत का 85 प्रतिशत से ज्यादा कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों का सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है।

ईंधन बचाने की अपील कर चुके हैं पीएम मोदी

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी लोगों से ईंधन की बचत करने और जरूरत न होने पर विदेश यात्राएं टालने की अपील भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि देश को विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।

पीएम मोदी ने लोगों से वर्क फ्रॉम होम, वर्चुअल मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसे तरीकों को फिर से अपनाने की भी सलाह दी थी। साथ ही उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, खाद्य तेल की खपत कम करने और प्राकृतिक खेती को अपनाने पर जोर दिया था।