राष्ट्रीय

बेंगलुरु में 1154 मसाज पार्लर और स्पा सेंटर पर पुलिस की जांच, 11 उल्लंघन पकड़े, 91 को नोटिस

Bengaluru Spa Raid: बेंगलुरु पुलिस ने शहर के 1154 मसाज पार्लर और स्पा सेंटर की जांच की। इस दौरान नियमों के उल्लंघन के 11 मामले सामने आए और 91 केंद्रों को नोटिस जारी किए गए।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 7:52 PM IST
Bengaluru Spa Raid
एआई तस्वीर

Bengaluru News: शहर में मसाज पार्लर और स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधियों की आशंका के बीच पुलिस ने बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया। शहर के 1154 मसाज पार्लर और स्पा सेंटर की जांच की गई। इस दौरान सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम के 11 उल्लंघन सामने आए, जबकि नियमों और जरूरी दस्तावेजों में कमियां मिलने पर 91 केंद्रों को नोटिस जारी किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य इन केंद्रों में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के साथ कानून और स्वास्थ्य विभाग के नियमों की पालना कराना है।

गृह मंत्री के निर्देश पर अभियान

यह विशेष अभियान गृह मंत्री प्रियांक खरगे के निर्देश पर शहर के मुख्य पुलिस आयुक्त आर. हितेंद्र के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने एक साथ शहर के विभिन्न इलाकों में मसाज पार्लर और स्पा सेंटर की जांच की। इस दौरान केंद्रों में चल रही गतिविधियों के साथ वहां काम करने वाले कर्मचारियों और उपलब्ध दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई। पुलिस के अनुसार केंद्रीय संभाग में 112 केंद्रों की जांच की गई। यहां नियमों के उल्लंघन के चार मामले सामने आए और चार केंद्रों को नोटिस दिए गए।

26 नोटिस जारी किए गए

उत्तर संभाग में 250 केंद्रों की जांच के बाद 26 नोटिस जारी किए गए। पूर्व संभाग में 191 केंद्रों की जांच की गई और 61 केंद्रों को नोटिस थमाए गए। पश्चिम संभाग में 224 और दक्षिण संभाग में 289 केंद्रों की जांच हुई। इन दोनों संभागों में किसी तरह का उल्लंघन सामने नहीं आया और न ही कोई नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा राउडी निरोधक दस्ते ने 88 केंद्रों की जांच की। यहां नियमों के उल्लंघन के सात मामले सामने आए। इस तरह पूरे अभियान में कुल 11 उल्लंघन दर्ज किए गए और 91 केंद्रों को नोटिस जारी हुए।

वीजा की स्थिति की जांच पर भी विशेष ध्यान

जांच के दौरान पुलिस ने कर्मचारियों के पहचान पत्र, उनके पते और पृष्ठभूमि की जानकारी से जुड़े दस्तावेज भी देखे। विदेशी नागरिकों के वीजा की स्थिति की जांच पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्यटन वीजा पर आए विदेशी नागरिकों को इन केंद्रों में काम पर नहीं रखा जा सकता। गृह मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य वैध कारोबार को परेशान करना नहीं, बल्कि केंद्रों को सुरक्षित और नियमों के अनुसार संचालित करना है। पुलिस ने साफ किया है कि आगे भी ऐसे जांच अभियान जारी रहेंगे।

Updated on:
29 Nov 2026, 7:52 PM IST
Published on: