Rahul Gandhi Protest: दिल्ली के AI समिट में यूथ कांग्रेस के हंगामे के बाद पूरे देश में सियासी बवाल मच गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के आवास का घेराव किया और मुंबई में उन्हें काले झंडे दिखाए गए।
AI Summit 2026: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026' में यूथ कांग्रेस के 'शर्टलेस' प्रदर्शन(AI Summit Delhi Controversy) के बाद देश की सियासत पूरी तरह से गर्मा गई है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ता भारी गुस्से में देशभर में सड़कों पर उतर आए हैं (BJP Nationwide Protest)। दिल्ली में BJYM कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास के बाहर उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की, "राहुल गांधी मुर्दाबाद" के नारे लगाए और उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों के हाथों में "शर्मसार भारत" (Shames India) लिखे बैनर थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस को कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना पड़ा।
राहुल गांधी जब 2014 के एक मानहानि मामले की सुनवाई के लिए मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे, तो भिवंडी जाते समय मुलुंड टोल नाके के पास भाजपा समर्थकों ने उनके काफिले को काले झंडे दिखाए और जमकर नारेबाजी की।
दिल्ली और मुंबई के अलावा जम्मू और सूरत (गुजरात) सहित कई अन्य शहरों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी का आरोप है कि विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश का मजाक उड़ाना कांग्रेस की एक सोची-समझी साजिश थी।
भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन को "मूर्खता से नग्नता (Stupidity to Nudity)" तक का सफर बताया है। उन्होंने कहा कि यह देश की उपलब्धियों का अपमान है। वहीं, शहजाद पूनावाला ने इस प्रदर्शन को 'एंटी-इंडिया' और 'चरित्रहीन' करार दिया है।
बढ़ते बवाल के बीच कांग्रेस के नेता सचिन सावंत और यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने अपने कार्यकर्ताओं का बचाव किया है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा अमेरिका के साथ 'ट्रेड डील' और 'एपस्टीन' जैसे संवेदनशील मुद्दों के साथ-साथ युवाओं की बेरोजगारी से देश का ध्यान भटकाने के लिए यह राष्ट्रव्यापी 'ड्रामा' कर रही है।