
Bankipur By Election: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने गुरुवार को चुनाव प्रचार के बाद कहा कि लोगों ने नवंबर 2025 के चुनाव में हुई गलती को सुधारने का पक्का इरादा कर लिया है। बांकीपुर के मतदाता अब उस सरकार से हिसाब-किताब बराबर करने को तैयार हैं, जिसने 10,000 रुपये की आर्थिक मदद का लालच देकर वोट खरीदे और सत्ता हासिल की। इस बार यहां बीजेपी की हार के साथ पूरे बिहार में एक नई और साफ-सुथरी राजनीति की शुरुआत होगी।
इससे पहले प्रशांत किशोर ने बीजेपी के अहंकार को तोड़ने की बात कही थी। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं से पारंपरिक राजनीतिक ध्रुवीकरण से बाहर निकलकर मतदान करने की अपील की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जिस क्षेत्र से उम्मीदवार चुनाव लड़ता है, वहां जाकर लोगों से मिलना स्वाभाविक है। इसी सिलसिले में वह लगातार बांकीपुर में लोगों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें समझा रहे हैं कि सिर्फ लालू प्रसाद के डर से बीजेपी या बीजेपी के डर से लालू के पक्ष में मतदान करने की पुरानी सोच से बाहर निकलकर बेहतर उम्मीदवार का चयन करें।
प्रशांत किशोर ने समर्थकों से केवल उनके साथ घूमने या तस्वीरें खिंचवाने तक सीमित न रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि असली समर्थन मतदान के दिन दिखना चाहिए। उनका दावा था कि यदि लोग बांकीपुर में पिछले 35 वर्षों से चले आ रहे बीजेपी के राजनीतिक वर्चस्व को बदलना चाहते हैं, सम्राट चौधरी के प्रभाव को चुनौती देना चाहते हैं और बीजेपी के अहंकार को तोड़ना चाहते हैं, तो इस बार बदलाव के पक्ष में मतदान करें।
बांकीपुर में उपचुनाव 30 जुलाई को होना है। जिसके लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार, 6 जुलाई से शुरू हो चुकी है। इस चुनाव के परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा में जाने से यह सीट खाली हुई है। बीजेपी ने संगठन के नेता अभिषेक कुमार को मैदान में उतारा हैं। वहीं जन सुराज से प्रशांत किशोर मैदान में हैं। राजद से पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रहीं उम्मीदवार रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है।