राष्ट्रीय

बांकीपुर से 13 जुलाई को नामांकन भरेंगे प्रशांत किशोर, रामांशु सर और CA कुणाल किशोर जन सुराज में शामिल

Prashant Kishor Nomination: शिक्षक रमांशु सर और बिहार इथेनॉल एसोसिएशन के सचिव कुणाल किशोर शुक्रवार को जन सुराज में शामिल हुए। इस दौरान जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर 13 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
2 min read
Jul 10, 2026
bankipur by poll
जनसुराज में शामिल हुए रामांशु सर (फ़ोटो- X@iKumarSaurabh )

Bankipur bypoll: बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने शुक्रवार को घोषणा की कि पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार और संस्थापक प्रशांत किशोर 13 जुलाई को सुबह 10 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस मौके पर पटना में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की उम्मीद है, जो पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट जाएंगे, जहां प्रशांत किशोर अपने नामांकन पत्र जमा करेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दो प्रमुख हस्तियां भी जन सुराज में शामिल हुईं। जाने-माने शिक्षक और पटना के रामांशु G.S. क्लासेस के प्रमुख रामांशु सर और चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) व बिहार इथेनॉल एसोसिएशन के महासचिव कुणाल किशोर पार्टी के सदस्य बने। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने अंगवस्त्र भेंट कर पार्टी में उनका स्वागत किया।

प्रशांत किशोर की एंट्री से त्रिकोणीय हुआ मुकाबला

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की एंट्री के बाद मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। भाजपा ने अभिषेक कुमार को मैदान में उतारा है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रशांत किशोर का खुलकर समर्थन किया है। खुद प्रशांत किशोर भी लगातार क्षेत्र में पैदल यात्रा कर जनता से समर्थन मांग रहे हैं।

बांकीपुर बिहार की प्रमुख शहरी विधानसभा सीटों में गिनी जाती है और लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मजबूत गढ़ रही है। यही वजह है कि इस उपचुनाव पर सभी प्रमुख दलों की नजरें टिकी हैं। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्य सभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद खाली हुई है।

गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद समेत एनडीए के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बांकीपुर सीट के लिए उपचुनाव 30 जुलाई को होगा और नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।

Updated on:
10 Jul 2026 05:30 pm
Published on:
10 Jul 2026 05:10 pm