
Prashant Kishor Statement: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अपराध को लेकर दिए गए बयान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी को बिहार के लोगों ने वोट देकर मुख्यमंत्री बनाया है, लेकिन जिस व्यक्ति को अपराध और क्राइम के बीच का फर्क नहीं मालूम, उससे राज्य में शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर देने की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
प्रशांत किशोर ने बिहार विधान परिषद के दो नवनिर्वाचित निर्दलीय सदस्यों के बीजेपी में शामिल होने के मामले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जन सुराज ने विधान परिषद के सभापति के सामने याचिका दायर की है। जरूरत पड़ने पर पार्टी इस मामले को लेकर अदालत भी जाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, 'सम्राट चौधरी खुद से मुख्यमंत्री नहीं बने हैं। उनको आपके-हमारे जैसे बिहार के लोगों ने वोट देकर मुख्यमंत्री बनाया है। उन्होंने आगे कहा कि जिस व्यक्ति को अपराध और क्राइम का फर्क नहीं मालूम, उससे यह अपेक्षा करना मुश्किल है कि वह ऐसा बिहार बनाएगा, जहां बच्चों के लिए पढ़ाई और रोजगार के अवसर होंगे। प्रशांत किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि जब तक सम्राट चौधरी हैं, तब तक इस तरह का मनोरंजन चलता रहेगा।
बिहार विधान परिषद के दो नवनिर्वाचित निर्दलीय सदस्यों के बीजेपी में शामिल होने पर भी प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जन सुराज की ओर से विधान परिषद के सभापति को याचिका दी गई है। प्रशांत किशोर के मुताबिक, दोनों सदस्यों के खिलाफ भी सभापति के सामने याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने इस घटनाक्रम को संवैधानिक अवहेलना बताते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर पार्टी अदालत का रुख करेगी। उन्होंने आगे कहा कि हर हालत में सदस्यता जानी ही है।
दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भाषण का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह भाषण राजमार्ग परिवहन मंत्रालय और बिहार सरकार के बीच नदी जल प्रबंधन को लेकर हुए समझौते के दौरान दिया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री बिहार में अपराध के मुद्दे पर बोल रहे थे। उनके बयान का एक हिस्सा चर्चा में आ गया, जिसमें उन्होंने कहा था, 'हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। कोई अपराधी नहीं है।'