राष्ट्रीय

‘पोस्टर फाड़ना और तोड़फोड़ करना RJD की पुरानी आदत’, प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार पर भी दिया बड़ा बयान

विधायक प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के बाद पोस्टर और बैनर फाड़ने के आरोपों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर निशाना साधा है। वहीं, उन्होंने 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी पर भी भाजपा और जेडीयू से जवाब मांगा।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 12:44 PM IST
Prashant Kishor
जन सुराज पार्टी के संस्थापक और विधायक प्रशांत किशोर (Photo-IANS)

पटना। जन सुराज पार्टी के संस्थापक और विधायक प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के बाद पोस्टर और बैनर फाड़ने के आरोपों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आरजेडी के कार्यकर्ताओं की कार्यशैली बिहार की जनता से छिपी नहीं है। वहीं, उन्होंने 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी पर भी भाजपा और जेडीयू से जवाब मांगा।

'पोस्टर फाड़ना और तोड़फोड़ करना RJD की पुरानी आदत'

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता आरजेडी के कार्यकर्ताओं के चरित्र और कार्यशैली से अच्छी तरह परिचित है। उन्होंने कहा कि पोस्टर फाड़ना, तोड़फोड़ करना और उपद्रव करना आरजेडी कार्यकर्ताओं के लिए कोई नई बात नहीं है। वे अपनी रैलियों में भी ऐसा करते हैं और जब किसी दूसरे दल की सभा या कार्यक्रम होता है, तब भी इस तरह की हरकतें करते हैं। बिहार की जनता यह सब पहले ही देख, सुन और समझ चुकी है।

नीतीश सेतु के मंच पर सीएम की गैरमौजूदगी पर सवाल

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की राजनीति में साफ दिखाई दे रहा है कि नीतीश कुमार और उनकी पार्टी की कहीं कोई खास मौजूदगी नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि जिस मंच पर पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखा गया, वहां खुद नीतीश कुमार मौजूद नहीं थे। यह पुल नीतीश कुमार की परिकल्पना थी। अगर उनकी तबीयत ठीक होती तो वे निश्चित रूप से उस मंच पर मौजूद रहते। किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार कार्यक्रम वाले दिन पटना में ही थे। ऐसे में भाजपा और जेडीयू को बताना चाहिए कि उन्हें मंच पर क्यों नहीं बुलाया गया और वे कार्यक्रम में शामिल क्यों नहीं हुए। उन्होंने कहा कि इसका जवाब केवल भाजपा के नेता ही दे सकते हैं।

ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर भी कसा तंज

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर भी प्रशांत किशोर ने टिप्पणी की। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब बिहार में ओवैसी फैक्टर था ही नहीं, तो अब यह कैसे हो सकता है?

Updated on:
22 Nov 2026, 12:44 PM IST
Published on:
Also Read
View All