
Prashant Kishor Statement: जन सुराज पार्टी के संस्थापक और विधायक प्रशांत किशोर ने बुधवार को बीजेपी नेता मिथिलेश तिवारी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें इतनी ही अच्छी जानकारी है तो वे अपनी बात रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्थानीय सामाजिक परिस्थितियों और लोगों के बीच उठ रहे मुद्दों को ध्यान में रखकर अपनी बात कही थी।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि लोगों के बीच मुख्य रूप से तीन तरह की बातें सामने आई थीं। पहली यह कि क्षेत्र में ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या अधिक है, इसलिए चुनाव का टिकट भी किसी ब्राह्मण उम्मीदवार को ही मिलना चाहिए। इस पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी ब्राह्मण विधायक के जीतने से क्षेत्र की सभी समस्याएं दूर हो जातीं, तो पिछले 15 वर्षों से यहां ब्राह्मण विधायक होने के बावजूद लोगों की स्थिति में सुधार क्यों नहीं हुआ?
पीके ने कहा कि लोगों ने राजनीतिक रूप से अपना प्रभाव कम होने की बात भी उठाई थी। इसी मुद्दे पर उन्होंने अपनी समझ के अनुसार प्रतिक्रिया दी। इस दौरान प्रशांत किशोर ने बीजेपी को आत्ममंथन करने की भी सलाह दी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर मुस्लिम समुदाय ने भाजपा को वोट देना क्यों बंद कर दिया है?
प्रशांत किशोर ने कहा कि किसी भी समुदाय के खिलाफ अनुचित भाषा का इस्तेमाल करने पर उस समुदाय के लोगों का समर्थन नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा कि बीजेपी को यह समझना चाहिए कि आखिर मुस्लिम समुदाय उससे दूर क्यों हुआ। किसी भी समुदाय के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने से राजनीतिक समर्थन मिलने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
बता दें कि दरभंगा में एक कार्यक्रम में विधायक प्रशांत किशोर ने ब्राह्मण-मुस्लिम वोट पर बयान दिया था। इस दौरान उन्होंने ब्राह्मण समाज की राजनीतिक सोच और सामाजिक स्थिति पर अपनी बात रखी थी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा था कि भाजपा का झंडा उठाने और मुस्लिम समाज के खिलाफ बयानबाजी करने से मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन दूर हुआ है। पीके के इस बयान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई।