राष्ट्रीय

Bengal Murder: पबजी पर हुई दोस्ती, बहन कहकर घर आता था युवक, अंजलि की मौत के बाद दिल्ली से गिरफ्तार

Anjali Saw Death Case: बरानगर में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पबजी दोस्त को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों के बीच गेम खेलने को लेकर विवाद हुआ था।
3 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 4:12 PM IST
Bengal Murder
आरोपी धर्मवीर और मृतका अंजलि साव। फोटो- पत्रिका

West Bengal Crime News: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर स्थित लेक पल्ली इलाके में 26 वर्षीय युवती अंजलि साव की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने धर्मवीर नामक युवक को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली से बरानगर लाए जाने की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू की गई। पुलिस उससे पूछताछ कर युवती की मौत की असली वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

फ्लैट पर आना-जाना था

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धर्मवीर का अंजलि के बरानगर स्थित फ्लैट पर आना-जाना था। पुलिस को आशंका है कि इसी परिचित होने का फायदा उठाकर वह वारदात के बाद आसानी से वहां से निकल गया। अंजलि के पिता के मुताबिक उनकी बेटी और धर्मवीर के बीच दोस्ती थी। धर्मवीर उसे बहन कहकर बुलाता था। दोनों की पहचान ऑनलाइन गेम पबजी खेलने के दौरान हुई थी। शुरुआत में अंजलि की मौत को आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन घटनास्थल से युवती के कीमती सामान और मोबाइल फोन के गायब होने से पुलिस का संदेह गहरा गया।

पबजी खेलने को लेकर हुआ विवाद

अंजलि के पिता ने बताया कि धर्मवीर दूसरे राज्य का रहने वाला है। उसने अपने घर का पता लखनऊ के आसपास का बताया था। पिता के अनुसार पबजी पर 'निक राजपूत' नाम से अंजलि के साथ खेलने वाला युवक संभवतः धर्मवीर ही था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच में यह बात सामने आई है कि पबजी खेलने को लेकर अंजलि और धर्मवीर के बीच विवाद हुआ। आशंका है कि इसी विवाद के बाद अंजलि की हत्या की गई। हालांकि दोनों के बीच केवल दोस्ती थी या कोई प्रेम संबंध भी था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

परिवार को मिले थे मोबाइल से संदेश

परिवार के सदस्यों का आरोप है कि मोबाइल फोन फ्लैट में नहीं मिला। जांच के दौरान फोन कुछ समय के लिए चालू हुआ। अंजलि के पिता राजेंद्र प्रसाद ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2.38 बजे उन्हें बेटी के गायब मोबाइल नंबर से 'हाय' का मैसेज मिला था। इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी उनके पास एक मैसेज आया था, जिसमें अंजलि के बारिश में फंसे होने की बात कहते हुए उसे बचाने की अपील की गई थी।

आनंद विहार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार यह मैसेज मंगलवार दोपहर करीब 3.45 बजे भेजा गया था। जांचकर्ताओं को आशंका है कि उस समय तक अंजलि की हत्या हो चुकी थी। परिजनों को संदेह था कि मोबाइल उसी युवक के पास है, जिस पर उन्हें शक था। पुलिस ने मोबाइल की गतिविधियों और लोकेशन का पता लगाकर आरोपी को आखिरकार दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। बैरकपुर के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) कुंतल बंद्योपाध्याय ने बताया कि आरोपी को दिल्ली से यहां लाया जा रहा है।

बीमारी के कारण लग गई थी ऑनलाइन गेम खेलने की लत

जांच में पता चला है कि अंजलि पिछले कुछ समय से फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थी। बीमारी के कारण घर पर रहने के दौरान उसकी ऑनलाइन गेम पबजी खेलने की लत लग गई थी। ऑनलाइन संपर्क में आए लोगों में से एक ने उसे ध्यान और योग का अभ्यास करने की सलाह दी थी। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार अंजलि की गला घोंटकर हत्या करने से पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। उसके चेहरे और पीठ पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि किसी भारी वस्तु से वार करने या दीवार से पटकने के बाद उसकी हत्या की गई। मंगलवार दोपहर बहन के फ्लैट में बिस्तर पर अंजलि का शव मिला था। फ्लैट अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया था।

Updated on:
13 Nov 2026, 4:12 PM IST
Published on: