
Pune Mumbai Expressway Closed : पुणे। महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनके कारण पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और पुराना मुंबई-पुणे हाईवे अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। इससे राज्य के दो प्रमुख शहरों के बीच सड़क संपर्क लगभग ठप हो गया है। वहीं आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
पुणे जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम ने बताया कि पुणे से मुंबई जाने वाली लेन पर कनेक्टिंग लिंक रोड के टनल-2 के एग्जिट गेट के पास बड़ा भूस्खलन हुआ है। इसके बाद सुबह करीब चार बजे से ही ट्रैफिक डायवर्ट किया जा रहा है। हाईवे ट्रैफिक पुलिस, एमएसआरडीसी और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से मलबा हटाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने में जुटी हैं, लेकिन लगातार बारिश राहत कार्यों में बाधा बन रही है।
बता दें कि मिसिंग लिंक के नाम से मशहूर मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे 1 मई 2026 को ही शुरू हुआ था। 6695 करोड़ की लागत से बने इस मेगा प्रोजेक्ट को उत्कृष्ट इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना कहा जा रहा था, लेकिन भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड ने इसके निर्माण पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मुंबई और पुणे में हो रही भारी बारिश के कारण, पुणे-मुंबई 'मिसिंग लिंक' पर पुणे से मुंबई जाने वाले रास्ते पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ है। इसके चलते, सोमवार सुबह 4 बजे से पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का रास्ता बदल दिया गया है। डिप्टी सीएम ने आगे लिखा कि एमएसआरडीसी और हाईवे पुलिस सड़क से मलबा हटाने और रास्ते को जल्द से जल्द फिर से खोलने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण इन कोशिशों में कुछ मुश्किलें आ रही हैं।
एकनाथ शिंदे ने लिखा कि इसके अलावा, मुंबई-पुणे रेलवे रूट पर ठाकुरवाड़ी में भूस्खलन के बाद रेलवे प्रशासन ने मुंबई से पुणे जाने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसलिए, मेरी आप सभी से अपील है कि सावधानी बरतें और जब तक बहुत जरूरी न हो, मुंबई और पुणे के बीच यात्रा करने से बचें।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक पर भूस्खलन को लेकर आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया X पर लिखा-मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट की लागत लगभग 7,000 करोड़ रुपए बताई गई। इसका उद्घाटन 1 मई 2026 को हुआ था। भाजपा ने ऐसा "शानदार विकास" किया कि पहली ही बारिश में उसका सारा विकास सड़क पर बिखर गया। वहीं NCP-SCP नेता सुप्रिया सुले ने कहा कि एक इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह ढह चुका है। इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। यदि सफर करना जरूरी हो तो घर से निकलने से पहले प्रशासन और हाईवे पुलिस द्वारा जारी ताजा ट्रैफिक अपडेट अवश्य देखें। हाईवे पर फंसे वाहन चालकों से भी ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।
सिर्फ सड़क मार्ग ही नहीं, रेल सेवाएं भी भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित हुई हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मुंबई डिवीजन के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन सेक्शन तथा अप मेन लाइन पर भूस्खलन के कारण ट्रेन संचालन बाधित हुआ है। इसके चलते मुंबई-नासिक मार्ग की कई एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचने की सलाह दी है।
वहीं, मुंबई और पुणे महाराष्ट्र के दो सबसे बड़े आर्थिक और औद्योगिक केंद्र हैं, जिनके बीच प्रतिदिन लाखों लोग आवागमन करते हैं। सड़क और रेल दोनों मार्ग प्रभावित होने से हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति और सुरक्षा समीक्षा के बाद ही मार्गों को दोबारा खोला जाएगा। तब तक लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।
इनपुट-आईएएनएस