
Punjab Election 2027: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले सभी राजनीतिक दलों द्वारा तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस की एक बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही कांग्रेस के प्रत्याशियों की लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी.
मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता मौजूदा सरकार से परेशान हो चुकी है। प्रदेश में केवल कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है, जो सरकार बनाने और जनता के कल्याण के लिए काम करने की क्षमता रखती है।
पायलट ने बताया कि आज कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई, जिसमें आगामी 4 नवंबर को संगरूर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली को लेकर चर्चा की गई। बैठक में पार्टी ने जनता के बीच पहुंचने और हर गांव तक जाकर लोगों से वोट मांगने का संकल्प लिया।
सचिन पायलट ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निहत्थे लोगों पर गोलियां चलाई जा रही हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि वहां के विधायकों ने भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी हैं।
पायलट ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाएगी और हर गांव तक पहुंचकर समर्थन मांगेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के उम्मीदवारों की सूची उचित समय पर जारी कर दी जाएगी।
आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम है। सीएम भगवंत मान को धुरी विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा संजीव अरोड़ा को एक बार फिर से लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं स्पीकर कुलतार सिंह संधवान को कोटकपुरा से प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि 40 प्रत्याशियों की सूची में पार्टी ने अपने 37 मौजूदा विधायकों को फिर से प्रत्याशी बनाया है।