
Punjab Politics: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में गुटबाजी खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। इसको समाप्त करने के लिए हाईकमान को भी आगे आना पड़ा। प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के बीच खींचतान जारी है। इसी बीच बुधवार को लोकसभा में एंटी पेपर लीक की बहस में राहुल गांधी बोल रहे थे, तब सदन में सांसद चरणजीत सिंह चन्नी मौजूद नहीं थे।
इसके बजाय वह पंजाब के फरीदकोट में फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ कांग्रेस के धरने का नेतृत्व करते नजर आए। बता दें कि पंजाब में कांग्रेस के 7 सांसद है, जिनमें से बुधवार को 6 सांसद मौजूद थे। सिर्फ चन्नी ही सदन में मौजूद नहीं थे।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भाषण के लिए आधिकारिक व्हिप जारी नहीं किया गया था, लेकिन कांग्रेस संसदीय दल के प्रमुख और अमृतसर सांसद गुरजीत सिंह औजला ने सभी सांसदों को दोपहर 12 बजे से सदन में मौजूद रहने का व्हाट्सऐप संदेश भेजा था।
वहीं पूर्व सीएम और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी फरीदकोट में बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के बाहर आयोजित कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। दरअसल, यह प्रदर्शन फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक और नकल गिरोह के खुलासे को लेकर आयोजित किया गया था।
पंजाब पुलिस ने हाल ही में दावा किया था कि उसने इस मामले में एक अंतरराज्यीय हाईटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन का आयोजन कांग्रेस के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ने किया था, जो पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक माने जाते हैं।
वहीं फरीदकोट का यह कार्यक्रम एक बार फिर पंजाब कांग्रेस के भीतर जारी गुटबाजी को भी सामने ले आया। इस प्रदर्शन से प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के गुट ने दूरी बनाई रखी।
बता दें कि विधानसभा चुनाव से पहले अटकलें लगाई जा रही थी कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को बदल सकती है। लेकिन पार्टी हाईकमान ने पिछले दिनों एक लिस्ट जारी की थी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष का पद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के पास ही रखा। इसके बाद चन्नी गुट ने बगावत शुरू कर दी।
पार्टी में अंदरूनी कलह समाप्त करने के लिए पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल को आना पड़ा। भूपेश बघेल ने भी साफ कर दिया कि प्रदेश अध्यक्ष को नहीं बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि यह गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं है।