राष्ट्रीय

पंजाब में क्राइम को लेकर AAP पर बीजेपी ने साधा निशाना, गौरव भाटिया बोले- ‘भगवंत मान ने राज्य को बना दिया गुंडों का अड्डा’

पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा नेता गौरव भाटिया ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा। मोगा में दोहरे हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध, नशे और अराजकता को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल उठाए।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 4:09 PM IST
Gaurav Bhatia
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया (फाइल फोटो - आईएएनएस)

Punjab Politics: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले विपक्षी दलों द्वारा आम आदमी पार्टी सरकार पर प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा जा रहा है। इसी बीच बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने सीएम भगवंत मान पर प्रदेश में अपराध, हत्याओं, अपहरण और नशे की समस्या पर लगाम लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया। 

बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है और राज्य के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में अराजकता और अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि प्रदेश में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही है, नशे का कारोबार बढ़ रहा है और अपहरण जैसी घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राज्य में अपराध की घटनाएं होती हैं, तो सरकार को उनकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में अपराध की घटनाओं के बाद भी केजरीवाल इस मुद्दे पर चुप है। 

मोगा में दो लोगों की हत्या का मामला उठाया

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने मोगा जिले में हुई दो लोगों की हत्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि हाल के दिनों में राज्य में कई गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं।

बता दें कि मोगा में हुई गोलीबारी की घटना में साहिल जिंदल और गगनदीप सिंह की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए। आरोप है कि हमलावर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए और उन्होंने हथियारों से गोलीबारी की।

इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव के अनुसार, घटना में घायल लोगों का इलाज जारी है और मामले में आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

भगवंत मान पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप

बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर सीएम भगवंत मान अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब जिम्मेदारी लेने की बात आती है, तो मुख्यमंत्री पीछे हट जाते हैं। 

पंजाब चुनाव से पहले सियासी घमासान तेज

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के संकेत हैं। राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को भाजपा और कांग्रेस से चुनौती मिलने की संभावना है।

वहीं, कांग्रेस भी पंजाब में अपना चुनावी अभियान तेज करने की तैयारी में है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 नवंबर को पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रदेश में इस समय नशा और कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर सियासत गर्म है। 

Updated on:
26 Oct 2026, 4:09 PM IST
Published on: