राष्ट्रीय

Punjab News: तरनतारन के चर्च में की गई तोड़फोड़ का मामला पहुंचा हाईकोर्ट

तरनतारन जिले में नकाबपोश बदमाशों द्वारा चर्च में मूर्तियों की तोड़फोड़ और आगजनी की घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अब यह मामला पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है। घटना के बाद से ईसाई समाज के लोगों में काफी रोष है। ईसाई समुदाय सरकार से अपनी सुरक्षा की मांग कर रहा है।
2 min read
• •
Updated: 2 Sep 2022, 12:41 PM IST
Petition filed in Punjab-Haryana High Court for the protection of christian society and church in Tarn Taran after vandalise by masked Man
Petition filed in Punjab-Haryana High Court for the protection of christian society and church in Tarn Taran after vandalise by masked Man

पंजाब के तरनतारन जिले में 30-31 अगस्त को चार नकाबपोश युवकों ने एक चर्च में तोड़फोड़ की थी। इस दौरान बदमाशों ने चर्च में ईसा मसीह और मरियम की मूर्तियां तोड़ दी थी। अब यह मामला पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच चुका है। इस मामले में पिटीशन दायर कर पंजाब के सभी चर्चों और ईसाई समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ये याचिका नेशनल क्रिश्चियन लीग के अध्यक्ष जगदीश मसीह और चंडीगढ़ के सुखजिंदर गिल ने दायर की है, जिस पर जल्द सुनवाई होने की संभावना जताई जा रही है।


ये घटना तरनतारा जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक गांव की है जहां उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया था। बदमाशों ने तीन मंजिला चर्च में तोड़फोड़ करने के साथ सुरक्षा गार्ड को बंदूक की नोक पर बंदी भी बनाया और पादरी की कार में भी आग लगा दी थी। आग की लपटों में घिरी कार और मूर्तियों को तोड़े जाने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में एक शख्स मूर्ति को हथौड़े से तोड़ते हुए नजर आ रहा है।


याचिकाकर्ता ने शिकायत की है की पंजाब में ईसाई समुदाय को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है और चर्च में हुई घटना के बाद अब समुदाय पंजाब में असुरक्षित महसूस कर रहा है। इस बारे में सरकार को भी पत्र दिया गया है लीग अध्यक्ष जगदीश मसीह और चंडीगढ़ के सुखजिंदर गिल ने हाईकोर्ट से मांग की है कि न्याय और पंजाब में शांति और भाईचारा बनाए रखने के लिए उचित निर्देश दिए जाएं।


पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कह चुके हैं कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद से पंजाब में कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना का विरोध पूरे देश में हो रहा है और ईसाई समाज के लोगों में काफी रोष है। कहा जा रहा है कि पुलिस अगर इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो पंजाब में सांप्रदायिक दंगे की स्थिति बनने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: पंजाब के एक चर्च में हुई तोड़फोड़ से तनाव, गार्ड के सिर पर पिस्तौल रख मूर्ति का सिर ले गए आरोपी

Published on:
Also Read
View All