Punjab Police: पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने कहा, यह आईईडी पंजाब, दिल्ली समेत कई राज्यों में लक्षित हमलों के लिए तैयार किया गया था। आगे की जांच से पूरे आतंकी नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश जारी है।
Amritsar Terror Module: पंजाब पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस सेल (एसओसी), अमृतसर ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक और पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से रिमोट कंट्रोल से चलने वाला आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस), विदेशी निर्मित पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किया गया। यह बड़ा आतंकी षड्यंत्र नाकाम करने की कार्रवाई बताई जा रही है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी की पहचान शुभम कुमार उर्फ शुभम श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सरोसा गांव का निवासी है। डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर से एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म के माध्यम से संपर्क में था। आतंकी सामान सीमा पार से भेजा गया था और अमृतसर शहर के बाहरी इलाके में एक निर्धारित स्थान से इसे रिट्रीव किया गया था।
डीजीपी यादव ने कहा, 'यह आईईडी पंजाब, दिल्ली समेत कई राज्यों में लक्षित हमलों के लिए तैयार किया गया था। आगे की जांच से पूरे आतंकी नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश जारी है।' यह घटना एक दिन पहले अमृतसर में पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित एक अन्य मॉड्यूल के भंडाफोड़ के ठीक बाद हुई है, जहां राहुल कुमार उर्फ गजू नामक ऑपरेटिव को गिरफ्तार कर आरडीएक्स आधारित आईईडी बरामद किया गया था।
ऑपरेशनल डिटेल्स साझा करते हुए अमृतसर के असिस्टेंट इंस्पेक्टर जनरल (एआईजी) सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि पुलिस को खास सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स ने ड्रोन के जरिए आईईडी और हथियारों का कंसाइनमेंट सीमा पार से भेजा था। इसे भारत में उनके सहयोगियों ने रिट्रीव किया था ताकि पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में विस्फोट और आतंकी गतिविधियां अंजाम दी जा सकें।
सूचना मिलते ही स्पेशल पुलिस टीमों का गठन किया गया। तेज कार्रवाई में अमृतसर-जालंधर जीटी रोड पर स्थित एक दरगाह के पास निर्जन इलाके से शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से रिमोट कंट्रोल वाला आईईडी (मेटल केस में पैक) और एक विदेशी पिस्तौल बरामद हुई। जांच में पता चला कि आरोपी काफी कट्टरपंथी बन चुका था। वह उत्तर प्रदेश से अमृतसर आया था, क्योंकि उसके हैंडलर ने उसे मोटी रकम देने का लालच दिया था।
एआईजी मान ने कहा कि आरोपी ने हैंडलर के निर्देश पर शहर के बाहरी इलाके में निर्धारित स्थान से आईईडी और हथियारों वाला कंसाइनमेंट रिट्रीव किया था। आगे की जांच जारी है ताकि पूरे नेटवर्क, हैंडलर और अन्य सहयोगियों तक पहुंचा जा सके।
पंजाब पुलिस ने हाल के महीनों में कई पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक भेजने की रणनीति पर लगातार नकेल कसी जा रही है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि राज्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और ऐसी हर कोशिश को नाकाम किया जाएगा।