
BJP SAD Alliance: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने गठबंधन करने का ऐलान किया है। इस समझौते में अकाली दल को बड़े भाई की भूमिका दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री पद भी बड़े भाई यानी अकाली दल के खाते में जाएगा। वहीं, भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा कि गठबंधन को लेकर कई दिनों से अनिश्चितता बनी हुई थी, लेकिन अब स्थिति साफ हो गई है।
भाजपा विधायक हरीश खुराना ने गठबंधन पर खुशी जताते हुए कहा कि कई दिनों से इस बात को लेकर अनिश्चितता थी कि क्या यह गठबंधन हो पाएगा या नहीं, लेकिन अब यह स्थिति साफ हो गई है। मेरा मानना है कि अब पंजाब की जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करने का समय आ गया है। जैसा कि अमित शाह जी ने स्पष्ट रूप से कहा है, हम पंजाब को नशा मुक्त बनाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि आने वाली पीढ़ियां एक नशा मुक्त राज्य में बड़ी हों। हम फरवरी 2027 में सरकार बनाने की तैयारी कर रहे हैं और इसके लिए जनता का आशीर्वाद चाहते हैं। हम किसानों और व्यापारियों के प्रति प्रतिबद्ध हैं, और पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए भी संकल्पित हैं। हम पंजाब को उन गैंगस्टरों से भी मुक्त कराएंगे जो कई सालों से राज्य में सक्रिय हैं, खासकर तब से जब से आम आदमी पार्टी सत्ता में आई है। फरवरी 2027 में पंजाब में BJP और अकाली दल की सरकार बनेगी।
वहीं, भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया कि जनता यही चाहती थी। यह जनता की जीत है। आज, जमीनी स्तर पर BJP कार्यकर्ता, पंजाब में अकाली दल के कार्यकर्ता और मतदाता - सभी यही चाहते थे। दोनों दलों के एक साथ आने से पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनेंगे।
गठबंधन के ऐलान के साथ ही यह सवाल भी उठा कि चुनाव में किस पार्टी की भूमिका बड़ी होगी और मुख्यमंत्री किस दल का बनेगा। इस पर अमित शाह ने स्थिति साफ कर दी। उन्होंने कहा कि स्वाभाविक रूप से शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। दोनों पार्टियां सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, जिसमें अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में होगा।
मुख्यमंत्री पद को लेकर अमित शाह ने कहा कि जो बड़ा भाई होता है, मुख्यमंत्री उसी का होता है। बड़ा भाई जो भी होगा मुख्यमंत्री उसी पार्टी से आएगा। इस बयान से साफ है कि गठबंधन में अकाली दल को नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलेगी और मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी इसी पार्टी से होगा।