
Rahul Gandhi Phone Tapping: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मेरा फोन टैप कराया जा रहा है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि मेरे सभी आरोपों के सबूत फोन में हैं, जिसे पीएम नरेंद्र मोदी टैप करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आमने-सामने की बहस से साबित हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि ऐसी कई दूसरी जानकारियां भी हैं, जो मुझे पता हैं और मेरे फोन में मौजूद हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी को एक बार फिर बहस की चुनौती दी है। भाजपा चाहे तो अपनी पसंद का कोई भी व्यक्ति बहस में जज बना सकती है। यहां तक कि अडानी और मोहन भागवत को भी जज के तौर पर बैठा सकती है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि अगर उनकी प्रधानमंत्री मोदी से वन-ऑन-वन बहस हुई तो मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे। उन्होंने यह बात इंस्टाग्राम पर एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए कही।
राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी' सेशन के दौरान एक यूजर के सवाल का जवाब दिया। यूजर ने पूछा था कि जब भाजपा संसद में बहस करने की बात कह रही है, तो राहुल गांधी सार्वजनिक मंच पर बहस करने की मांग क्यों कर रहे हैं? इस पर राहुल ने कहा कि उन्होंने संसद में कई मुद्दों पर अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि कई बार उनका माइक्रोफोन भी बंद कर दिया गया। इसी वजह से वह प्रधानमंत्री के साथ आमने-सामने की बहस चाहते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने किसान बिल, वोट चोरी, SIR और चीन जैसे मुद्दों पर संसद में बोलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। उन्होंने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब का भी जिक्र किया। राहुल के अनुसार, उन्होंने इस किताब को लेकर भी बहस करने की मांग की थी, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने नहीं दी गई। उन्होंने एपस्टीन मामले का भी जिक्र करते हुए कहा कि इन मुद्दों पर वह खुलकर चर्चा करना चाहते हैं।