राष्ट्रीय

राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला: कहा- ‘ट्रंप के दबाव में है भारत की विदेश नीति, अमेरिका जो कहेगा वही करेंगे’

Rahul Gandhi on PM Modi: पश्चिम एशिया संकट और विदेश नीति को लेकर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। ट्रंप के दबाव में सरकार होने का आरोप लगाया, पढ़ें पूरी खबर।
2 min read
Mar 23, 2026
Rahul Gandhi on PM Modi
Rahul Gandhi on PM Modi (Image: ANI)

Rahul Gandhi on PM Modi: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पश्चिम एशिया संकट और विदेश नीति को लेकर तीखा हमला बोला है। गुजरात के वडोदरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की विदेश नीति अमेरिका के दबाव में काम कर रही है।

विदेश नीति पर गंभीर आरोप

राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत सरकार स्वतंत्र रूप से फैसले लेने में सक्षम नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा, ''हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री ने डोनाल्ड ट्रंप से कहा कि हम आपसे पूछे बिना तेल और नेचुरल गैस नहीं खरीदेंगे। अगर आप कहेंगे कि रूस या ईरान से नहीं खरीदना है, तो हम नहीं खरीदेंगे।''

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि सरकार अमेरिका के इशारों पर चल रही है और देश के हितों से समझौता कर रही है।

संसद में बहस से बचने का आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री पर संसद में बहस से बचने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया के मुद्दे पर लोकसभा में संक्षिप्त भाषण दिया, लेकिन विपक्ष के सवालों का सामना करने से बच रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा, ''आप लिखकर रख लीजिए, वे इस मुद्दे पर संसद में डिबेट नहीं कर सकते।''

किसानों और व्यापार पर चिंता

राहुल गांधी ने ट्रेड डील को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत का कृषि क्षेत्र अमेरिका के लिए खोला जा रहा है, जिससे छोटे किसानों को नुकसान होगा। उन्होंने तर्क दिया कि जहां भारत में छोटे खेत और श्रम आधारित खेती होती है, वहीं अमेरिका में बड़े पैमाने पर मशीनों से खेती होती है, जिससे प्रतिस्पर्धा असमान हो जाएगी।

अडानी मुद्दे पर भी निशाना

राहुल गांधी ने उद्योगपति गौतम अडानी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि देश का बड़ा इन्फ्रास्ट्रक्चर एक ही कारोबारी समूह को सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे आर्थिक और राजनीतिक संतुलन प्रभावित हो रहा है।

पीएम मोदी का बयान

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उसके प्रभावों पर बयान दिया था। उन्होंने कहा कि यह संकट लंबे समय तक असर डाल सकता है और इससे निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट में रुकावट और व्यापारिक जहाजों पर हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताया और कहा कि समाधान कूटनीति और संवाद से ही संभव है।

Published on:
23 Mar 2026 07:47 pm
Also Read
View All