
Rahul gandhi on Telegram ban: NEET-UG पेपर लीक के संदर्भ में टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए जाने पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक माफिया से निपटने के बजाय सरकार स्टूडेंट्स को टारगेट कर रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट 'X' पर पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा, 'टेलीग्राम बैन' पेपर लीक रोकने के लिए मोदी सरकार का नया नुस्खा। यानी चोर को पकड़ने के बजाय पीड़ित के दरवाजे पर ताला लगा दो।' उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, 'लाखों स्टूडेंट्स सालों से टेलीग्राम पर पढ़ाई कर रहे हैं, नोट्स, टेस्ट सीरीज, डिस्कशन, तैयारी। वो सुविधा को छीन लेना पेपर लीक का सॉल्यूशन कैसे बन गया?'
ऐसे कदमों के असर पर सवाल उठाते हुए उन्होंने लिखा, और यह फुलप्रूफ भी नहीं है। देश का हर स्टूडेंट यह जानता है और पेपर लीक माफिया भी। तो, अगला बैन किस पर होगा? WhatsApp पर?'
एग्जाम के दिन के इंतजामों पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'एग्जाम के दिन, स्टूडेंट्स की तलाशी ली जाएगी। कैंची से जेबें काटी जाएंगी। एयर फोर्स के जरिए क्वेश्चन पेपर भेजे जाएंगे। दिखावे करने वालों की कोई कमी नहीं होगी। लेकिन बीमारी की जड़ पर एक भी वार नहीं, क्योंकि पेपर लीक माफिया इसी सरकार की निगरानी में फल-फूल रहा है, और युवाओं को खून के आंसू रुला रहा है।' उन्होंने आगे कहा, 'मोदी जी, दिखावा छोड़िए। माफिया पर वार करिए, स्टूडेंट्स पर नहीं। स्टूडेंट्स की गूंज सुनो - वरना देश का युवा अपने हक लेना जानता है।'
राहुल गांधी की यह टिप्पणी तब आई है, जब जब केंद्र ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अनुरोध पर टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया था। NTA ने आरोप लगाया था कि इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल संगठित चीटिंग रैकेट 21 जून को होने वाले NEET-UG 2026 री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को गुमराह करने और धोखा देने के लिए कर रहे हैं।
टेलीग्राम ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। टेलीग्राम ने प्रतिबंध को लेकर केंद्र सरकार को चुनौती दी है, जिसमें आने वाले NEET-UG 2026 री-एग्जाम के संबंध में 22 जून तक भारत में इसके ऑपरेशन को कुछ समय के लिए ब्लॉक कर दिया गया है।
इस मामले को एडवोकेट माधव खोसला ने जस्टिस तेजस करिया की वेकेशन बेंच के सामने अर्जेंट बेसिस पर मेंशन किया था। कोर्ट दिन में बाद में याचिका पर सुनवाई के लिए सहमत हो गया।