राष्ट्रीय

‘स्टूडेंट सवाल करता है, इसलिए सिस्टम को उससे खतरा,उनको अंधभक्त चाहिए’, इंदौर में बोले राहुल गांधी

Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने इंदौर के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में पेपर लीक, बेरोजगारी और सरकारी भर्तियों के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि सिस्टम को सवाल पूछने वाले स्टूडेंट नहीं, अंधभक्त चाहिए।
2 min read
Sep 19, 2026
Rahul Gandhi news
राहुल गांधी(फोटो-IANS)

Rahul Gandhi Chhatron Ki Goonj: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, बेरोजगारी और सरकारी भर्तियों से जुड़े मुद्दे उठाए। छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि व्यवस्था को सवाल पूछने वाले स्टूडेंट पसंद नहीं हैं, बल्कि ऐसे लोग पसंद हैं जो सवाल किए बिना हर बात स्वीकार कर लें। राहुल गांधी ने कहा कि स्टूडेंट जिज्ञासु होता है और किसी बात को केवल इसलिए स्वीकार नहीं करता क्योंकि उसे ऐसा बताया गया है। वह सवाल करता है और किसी फैसले या व्यवस्था के पीछे की वजह जानना चाहता है। उन्होंने इसी संदर्भ में 'अंधभक्त' शब्द का इस्तेमाल करते हुए सिस्टम पर सवाल उठाए।

'स्टूडेंट सवाल करता है, इसलिए सिस्टम को खतरा लगता है'


राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र स्कूल-कॉलेजों की स्थिति से लेकर पेपर लीक और रोजगार तक पर सवाल उठाता है। उनका कहना था कि छात्र यह जानना चाहता है कि संस्थाएं अपना काम ठीक से क्यों नहीं कर रही हैं। उन्होंने न्यायपालिका, दूसरी संस्थाओं और चुनाव आयोग का भी जिक्र किया। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की आदत सवाल पूछने की होती है और यही लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है।
उन्होंने स्टूडेंट की सोच को मोहब्बत, सम्मान और विनम्रता से जोड़ते हुए कहा कि छात्र दूसरे की बात सुनता है, सवाल करता है और फिर अपनी राय रखता है। वहीं, 'अंधभक्त' शब्द के संदर्भ में उन्होंने नफरत, अहंकार और डर का जिक्र किया। महिलाओं के सम्मान को लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी।

पेपर लीक और रोजगार का मुद्दा उठाया


राहुल गांधी ने छात्रों से जुड़े मुद्दों में पेपर लीक, बेरोजगारी और सरकारी भर्तियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्र यह सवाल पूछता है कि स्कूल और कॉलेजों की स्थिति ऐसी क्यों है, परीक्षाओं के पेपर लीक क्यों हो रहे हैं और युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिल रहा। 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का फोकस शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं और रोजगार जैसे मुद्दों पर छात्रों से संवाद पर रहा। यह इंदौर में इस कार्यक्रम का पांचवां संस्करण था। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

Updated on:
19 Sept 2026 08:32 pm
Published on:
19 Sept 2026 08:14 pm