राष्ट्रीय

अंकिता भंडारी केस मामले में कांग्रेस नेता ने राष्ट्रपति को लिखी चिट्ठी

Ankita Bhandari Murder Case: राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर अंकिता भंडारी केस की CBI जांच पूरी होने तक दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
2 min read
• •
Oct 15, 2026
President Droupadi Murmu
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू(Photo-ANI)

Letter to President: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस नेता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है। कांग्रेस ने सिक्किम के राज्यपाल पद की नियुक्ति पर पुनर्विचार करने और CBI जांच पूरी होने तक पदभार न देने की अपील की है। कांग्रेस नेता ने पत्र में लिखा कि 19 साल की अंकिता भंडारी ने एक कथित VIP के लिए अपनी गरिमा से समझौता करने से इनकार किया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि घटना के करीब चार साल बाद भी कथित VIP की पहचान को लेकर सवाल क्यों बने हुए हैं।

'परिवार की न्याय की उम्मीद न टूटने दें'

राष्ट्रपति को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि अंकिता के परिवार समेत कई लोग दुष्यंत कुमार गौतम को इस मामले से जुड़ा मानते हैं। ऐसे में उन्हें सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने से वह स्तब्ध हैं। राहुल गांधी ने राष्ट्रपति से अपील की कि वह सरकार को नियुक्ति पर दोबारा विचार करने और जांच पूरी होने तक दुष्यंत गौतम को पदभार नहीं देने की सलाह दें। उन्होंने लिखा कि अंकिता के माता-पिता की न्याय की उम्मीद नहीं टूटनी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी पर भी साधा निशाना

राहुल गांधी ने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्यंत गौतम की नियुक्ति की सलाह देकर प्रधानमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अपनी सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़े किए हैं। यह मामला दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद फिर चर्चा में आया है। अंकिता के माता-पिता इस नियुक्ति का विरोध कर रहे हैं और मामले में कथित VIP की भूमिका की जांच पूरी होने तक नियुक्ति रोकने की मांग कर रहे हैं।

क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड?

19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं। सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और दो अन्य आरोपियों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बाद में मामले में कथित VIP की भूमिका को लेकर सवाल उठे। अंकिता के परिवार ने इस पहलू की जांच की मांग की है।

Updated on:
15 Oct 2026 08:34 pm
Published on:
15 Oct 2026 06:58 pm
Also Read
View All
CJP के ‘तिरंगा मार्च’ को लेकर दिल्ली पुलिस सख्त, आम जनता को कनोट प्लेस से दूर रहने की दी हिदायत

कोर्ट में माफी मांगने वाली बात पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दी सफाई, कहा- माफी मांगना एक तय प्रक्रिया, अवमानना का मामला नहीं बनता

16-17 अक्टूबर को बंद रहेगा कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क, CJP ने दी है तिरंगा फहराने की कॉल

मतदाता सूचियों का होगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR), 17 राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों का शेड्यूल जारी

‘राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष बने रहने के लायक नहीं’, प्रशांत भूषण की टिप्पणी पर बीजेपी प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने साधा कांग्रेस सांसद पर निशाना