
Supriya Sule Daughter Wedding:मुंबई का जियो कन्वेंशन सेंटर चर्चा में है। कारण है एनसीपी शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की शादी का समारोह। जहां इस खास मौके पर देश की कई बड़ी हस्तियां नेता-अभिनेता पहुंचे।
इस शादी में कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हुए। इसके अलावा आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी समारोह में पहुंचे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी नवदंपति को शुभकामनाएं देने पहुंचे। उद्योगपति अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट भी नजर आए। अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी भी इस दौरान नजर आए।
वहीं, बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनकी पत्नी जया बच्चन और श्वेता बच्चन नंदा ने भी समारोह की रौनक बढ़ाई। बॉलीवुड के ‘किंग खान’ शाहरुख भी डांस फ्लोर पर झूमते नजर आए। राजनीति, उद्योग और फिल्म जगत के दिग्गजों की मौजूदगी ने इस शादी को बेहद खास बना दिया।
बता दें रेवती सुले, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार की पोती हैं। उनकी शादी उद्योगपति अरुण लखानी के बेटे सारंग लखानी से हो रही है। दोनों आज शनिवार, 20 जून को शादी के बंधन में बंध रहे हैं।
शादी में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव भी शामिल हुए। इसके अलावा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, यूनियन मिनिस्टर पीयूष गोयल, असदुद्दीन ओवैसी, डीके शिवकुमार, पंजाब के सीएम भगवंत मान भी नजर आए।
रेवती सुले भले ही एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार की पोती और सांसद सुप्रिया सुले की बेटी हैं। लेकिन, वह राजनीति में सक्रिय नहीं हैं। फिर भी उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान बारामती में अपनी मां सुप्रिया सुले के लिए प्रचार किया था। उस चुनाव में सुप्रिया सुले का मुकाबला सुनेत्रा पवार से था।
रेवती ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुंबई में की। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए लंदन का रुख किया। उन्होंने दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थानों में गिने जाने वाले लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई पूरी की।
अब रेवती की शादी उद्योगपति अरुण लखानी के बेटे सारंग लखानी से हो रही है। बता दें अरुण लखानी नागपुर के प्रसिद्ध कारोबारी हैं। साथ ही वह ‘विश्वराज इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड’ के चेयरमैन हैं। वह बीजेपी की ओर से विधान परिषद के उम्मीदवार भी हैं। शादी के बाद रेवती नागपुर की बहू बन जाएंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस रिश्ते को तय कराने में नितिन गडकरी और देवेंद्र फडणवीस की भी अहम भूमिका है।