राष्ट्रीय

 INDIA गठबंधन की बैठक से पहले दिल्ली में राहुल गांधी के खिलाफ लगे पोस्टर, सहयोगी दलों के पुराने बयान हुए वायरल

INDIA Alliance Crisis: दिल्ली में विपक्षी गठबंधन की मीटिंग से पहले राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में सहयोगी दलों के नेताओं द्वारा कांग्रेस सांसद के खिलाफ दिए गए बयानों को दिखाया गया।

2 min read
Jun 08, 2026
INDIA bloc meeting
दिल्ली में राहुल गांधी के खिलाफ लगे पोस्टर (Photo-IANS)

INDIA Bloc Meeting: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को INDIA गठबंधन की बैठक होगी। बैठक का एजेंडा अभी तक सामने नहीं आया है। इससे पहले दिल्ली में पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। दिल्ली के कई चौराहों पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा अतीत में राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ दिए गए बयानों को दिखाया गया है।

पोस्टरों में एनसीपी (शरद पवार गुट) प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के पुराने बयान शामिल किए गए हैं।

बैठक में DMK-AAP नहीं लेगी हिस्सा

बैठक से पहले इंडिया गठबंधन में दरार की खबरें भी सामने आने लगी है। इस बैठक में डीएमके और आम आदमी पार्टी हिस्सा नहीं लेगी। वहीं CPI (M) ने अपना विरोध दर्ज कराया है, लेकिन पार्टी बैठक में शामिल होगी।

अखिलेश-ममता समेत कई नेता होंगे शामिल

इस बैठक में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, RJD  नेता तेजस्वी यादव, शिवसेना (यूबीटी) के उद्धव ठाकरे, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। इसके अलावा छोटे दलों के नेताओं के शामिल होने की भी संभावना है। 

बैठक में क्यों हिस्सा नहीं ले रही DMK

वहीं बैठक से पहले द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने साफ कर दिया है कि वह इस बैठक में हिस्सा नहीं लेगी। इसकी वजह कांग्रेस द्वारा अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कझगम (TVK) के साथ राजनीतिक गठजोड़ बताया जा रहा है।

डीएमके नेता टीकेएस एलंगोवन ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस से नाराज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस INDIA गठबंधन की अगुवाई का दावा करती है, लेकिन उसने ऐसे दल के साथ हाथ मिला लिया है जो गठबंधन का हिस्सा ही नहीं है।

एलंगोवन ने कहा कि कांग्रेस अब भरोसेमंद पार्टी नहीं रह गई है। मुझे उम्मीद है कि कई अन्य दल भी INDIA गठबंधन से अलग होने पर विचार करेंगे। आम आदमी पार्टी भी बैठक में शामिल नहीं हो रही है और अन्य सहयोगी दल भी अपना रुख तय करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि आगामी स्थानीय निकाय और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने टीवीके के साथ रहने का संकेत दिया है, जिससे गठबंधन सहयोगियों में नाराजगी बढ़ी है।

23 दलों के नेता हो रहे शामिल

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के अनुसार, नई दिल्ली के संविधान क्लब में आयोजित इस बैठक में 23 राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन पूरी तरह एकजुट है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी बैठक में व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगी, जबकि शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लेंगे।

Published on:
08 Jun 2026 11:10 am