राष्ट्रीय

गिरफ्तारी के बाद प्रियंका गांधी, राहुल गांधी सहित पूरे कांग्रेस का केंद्र पर तीखा वार, बोले- ‘मोदी सरकार डरपोक है, वो डरी हुई है’

Congress Protest Delhi: पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने छात्रों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
2 min read
• •
Updated: 21 Jul 2026, 9:02 PM IST
Congress
राहुल गांधी(फोटो-ANI)

Rahul Gandhi Detained: प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

धरना स्थल से राहुल गांधी को पुलिस ने हटाकर हिरासत में लिया। इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों से बहस भी देखने को मिली। कुछ देर बाद प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से हटाकर अपने साथ ले गई। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर वहां से हटाया।

राहुल गांधी बोले- छात्रों की लड़ाई नहीं रुकेगी

हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार चाहे जितनी ताकत लगा ले, छात्रों के न्याय की लड़ाई नहीं रुकेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने, पेपर लीक की घटनाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर लाठीचार्ज किया गया, संसद के गेट बंद किए गए और विपक्ष की मांगों पर चर्चा नहीं होने दी गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग पर भी सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस का कहना है कि छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है और उसे पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए। पार्टी का आरोप है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने विपक्षी नेताओं के साथ सख्ती की। कांग्रेस ने दावा किया कि राहुल गांधी को प्रदर्शन स्थल से घसीटकर हिरासत में लिया गया, जबकि प्रियंका गांधी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें जबरन पुलिस वाहन में बैठाया गया।

प्रियंका गांधी का हमला

कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार डरपोक है, वह डरी हुई है। हम उनसे नहीं डरते, वे हमसे डरते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दे पर अपना आंदोलन जारी रखेगी और सरकार से जवाब मांगती रहेगी।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

कांग्रेस ने कहा कि वह छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने और छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से जवाबदेही तय करने की मांग पर कायम रहेगी।

Updated on:
21 Jul 2026, 9:02 PM IST
Published on: