पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में पेट्रोल पंपों और दुकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है।
रांची में लगातार हो रही लूटपाट की घटनाओं से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में पेट्रोल पंपों और दुकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। इस कार्रवाई में 11 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जो पिछले कुछ समय से जिले के अलग-अलग इलाकों में वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने हाल ही में छह बड़ी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपियों के पास से देसी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस, चाकू, लूटे गए मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई कार व बाइक बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने पिछले कुछ दिनों में डोरंडा, पुन्दाग, ओरमांझी, टाटीसिलवे और मेसरा जैसे इलाकों में दहशत फैला रखी थी। गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने पुन्दाग स्थित पेट्रोल पंप, बीआईटी मेसरा क्षेत्र के दो पेट्रोल पंपों और टाटीसिलवे स्थित गेल सीएनजी पंप पर हथियार के बल पर लूटपाट की थी।
इसके अलावा, गिरोह ने ओरमांझी में एक होटल के पास स्थित दुकान में लूटपाट के दौरान दुकानदार को चाकू मारकर घायल भी कर दिया था। पकड़े गए अपराधियों में जहीर उर्फ खान, फरहान खान उर्फ बबलू, शेख जीमल, अरसलान खान, मोहम्मद फैजान, सोएब अंसारी, शाहबाज सलमान, कासिफ युसूफ, शेख मुज्जमिल और राजा खान शामिल हैं।
इनमें से शाहबाज सलमान का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध कांके, हिन्दपीढ़ी, डोरंडा और बरियातू जैसे थानों में लूट और आर्म्स एक्ट के करीब 17 मामले पहले से दर्ज हैं। जहीर और फरहान के खिलाफ भी सिकिदिरी थाने में आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। एसआईटी की इस छापेमारी टीम का नेतृत्व ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षकों के निर्देशन में डीएसपी अमर कुमार पाण्डेय, संजीव कुमार बेसरा और अनुज उरांव कर रहे थे।
टीम में ओरमांझी, टाटीसिलवे, नामकुम और सदर थाना के प्रभारियों के साथ-साथ तकनीकी शाखा के विशेषज्ञ भी शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से दो आईफोन सहित आधा दर्जन मोबाइल, दो स्कूटी, एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक कार जब्त की है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है।