राष्ट्रीय

आरजी कर केस में बड़ी कार्रवाई, बेंगलुरु से पनिहाटी नगरपालिका के पूर्व प्रमुख सोमनाथ डे गिरफ्तार

RG Kar Case: आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले में बड़ा एक्शन। पनिहाटी नगरपालिका के पूर्व प्रमुख सोमनाथ डे बेंगलुरु से गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
Sep 03, 2026
RG Kar cremation case, RG Kar case latest news
आरजी कर केस में पनिहाटी नगरपालिका के पूर्व प्रमुख सोमनाथ डे बेंगलुरु से गिरफ्तार (फोटो सोर्स- IANS)

RG Kar Case: कोलकाता के चर्चित आरजी कर केस में पश्चिम बंगाल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उत्तर 24 परगना के भीमसेन (पनिहाटी) नगरपालिका के पूर्व प्रमुख सोमनाथ डे को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी को अब ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया जा रहा है, जिसके बाद उसे बैरकपुर जिला अदालत में पेश किया जाएगा।

क्या है सोमनाथ डे पर आरोप?

जांच एजेंसियों के अनुसार, सोमनाथ डे पर पीड़िता के शव को जल्दबाजी में श्मशान घाट ले जाकर अंतिम संस्कार कराने की साजिश में शामिल होने का गंभीर आरोप है। पुलिस को संदेह है कि शवदाह इतनी हड़बड़ी में इसलिए कराया गया ताकि दोबारा पोस्टमार्टम की कोई गुंजाइश न बचे और अहम सबूत मिटाए जा सकें। यह पूरा घटनाक्रम पनिहाटी स्थित श्मशान घाट पर नियमों को दरकिनार कर अंजाम दिया गया था।

दो आरोपी पहले ही पहुंच चुके हैं सलाखों के पीछे

जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की इस पूरी साजिश में तीन मुख्य चेहरे सामने आए थे। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के खारदाह थाने में पीड़िता के पिता की नई शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे। इसमें सबसे पहला आरोपी निर्मल घोष को ओडिशा से गिरफ्तार किया था जो कि पूर्व टीएमसी विधायक था। वहीं दूसरा आरोपी संजीव मुखर्जी कोलकाता के चिनार पार्क इलाके से पकड़ा गया, जो कि पीड़िता का पड़ोसी था। और तीसरा आरोपी सोमनाथ डे जो कि पूर्व पालिका अध्यक्ष था। लंबे समय तक चकमा देने के बाद आखिरकार बेंगलुरु से गिरफ्तार। फिलहाल निर्मल घोष और संजीव मुखर्जी न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि सोमनाथ डे से पुलिस पूछताछ कर जल्द ही हिरासत की मांग करेगी।

पीड़ित परिवार की शिकायत पर दर्ज हुई थी नई जांच

9 अगस्त 2024 को आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में महिला डॉक्टर के साथ हुई बर्बरता ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इसके बाद से ही परिजन इंसाफ और साजिशकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। 8 अगस्त को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस मामले में नई जांच का ऐलान किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की परतें खोलना शुरू किया।

Updated on:
03 Sept 2026 01:45 pm
Published on:
03 Sept 2026 12:38 pm