राष्ट्रीय

ट्रक और डंपर के बीच दबकर चकनाचूर हुई कार, क्रेन की मदद से निकाली लाशें

हरियाणा के KMP एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार डंपर ने टैक्सी को टक्कर मार दी, जिसमें एक पोलिश टूरिस्ट और ड्राइवर की मौत हो गई। एक महिला घायल है। पुलिस ने डंपर चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

2 min read
Feb 19, 2026
कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में स्थित कुंडली मानेसर पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ, जब एक टैक्सी को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक पोलिश टूरिस्ट और टैक्सी ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई।

ये भी पढ़ें

Road Accident: जयपुर में 10 घंटे में 4 लोगों की हुई मौत, ट्रैक्टर और SUV ने कुचला

डंपर चालक मौके से फरार

ट्रक चालक मंजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने ट्रक से उतरकर पीछे से आने वाले वाहनों को सावधान कर रहा था। उसने मानेसर से आ रही टैक्सी को देखा और उसे हाथ देकर रुकने का संकेत दिया। टैक्सी चालक ने गाड़ी की रफ्तार कम भी की, लेकिन तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी दो ट्रकों के बीच फंसकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई। जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

क्रेन की मदद से कार से शव निकाले गए

मंजेश ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कार दो ट्रकों के बीच बुरी तरह फंसी हुई थी और तीन लोग अंदर फंसे थे। स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक ड्राइवर और एक पुरुष यात्री की मौत हो चुकी थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों में टैक्सी चालक नफीस और 29 वर्षीय पोलिश नागरिक मिचाल माजजिक शामिल हैं। वहीं 27 वर्षीय पोलिश महिला एग्नेस्का कासिनेल गंभीर रूप से घायल हुईं, जिन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।

डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज

जांच में सामने आया कि नफीस को ताजमहल घूमने के लिए टैक्सी बुकिंग मिली थी। वह बुधवार सुबह गुरुग्राम के एक होटल से पोलिश नागरिकों को लेकर आगरा के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। मंजेश की शिकायत के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106, 125(ए) और 281 के तहत सदर पलवल थाने में मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में लापरवाही से मौत, जीवन को खतरे में डालने और तेज व लापरवाह ड्राइविंग के आरोप शामिल हैं। पुलिस ने टैक्सी चालक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही पोलिश नागरिक की मौत की सूचना संबंधित दूतावास को दे दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और डंपर चालक की तलाश जारी है।

Published on:
19 Feb 2026 10:59 am
Also Read
View All

अगली खबर