गुजरात के साबरकांठा जिले में तेज रफ्तार बस और वान की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 घायल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुजरात के साबरकांठा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां श्यामलाजी-अहमदाबाद मार्ग पर एक तेज रफ्तार निजी बस ने यात्री वैन को टक्कर मार दी। बुधवार सुबह हुई इस दुर्घटना में वैन सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग अभी भी घायल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के शुरुआती जांच के अनुसार यह हादसा अत्यधिक गति के कारण हुआ। घटना जसवंतगढ़ पाटिया के पास, हिम्मतनगर के नजदीक हुई, जहां वैन श्यामलाजी से हिम्मतनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक निजी बस ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस अधिकारी अल्पेश चौधरी ने बताया कि इस दुर्घटना में वैन में सवार छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और इमरजेंसी सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव टीमों ने काफी मशक्कत के बाद वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी बाधित रहा, जिससे लंबा जाम लग गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक को डायवर्ट किया।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बस चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।