रोहतक में आईजी ऑफिस के पास दिनदहाड़े 22 गोलियां मारकर युवक की हत्या कर दी गई। 30 राउंड फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गए। सोशल मीडिया पोस्ट से मामला और संवेदनशील हो गया है।
हरियाणा के रोहतक से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार सुबह एक बहुत बड़ा गैंगवार हो गया। इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने खुलेआम एक युवक को लगातार 22 गोलियां मारी गई जिसके चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह घटना आईजी ऑफिस से कुछ ही दूरी पर स्थित दिल्ली बाईपास के पास हुई थी। घटना में मारे गए युवक की पहचान दिनेश उर्फ गोगा के रूप में हुई है। अमेरिका में बैठे बदमाशों द्वारा इस घटना की जिम्मेदारी लेने की बात भी सामने आई है। इस घटना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हमलावर तेज रफ्तार से गाड़ी चलाकर मौके पर पहुंचे और सीधे अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने एक के बाद एक कई राउंड फायरिंग की जिससे पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज गया। गोलीबारी के दौरान गोगा को करीब 22 गोलियां लगी जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी शुरू करके जांच शुरू की और घटनास्थल से भी सबूत जुटाए गए। पुलिस को मौके से 28 से 30 राउंड गोलियों के खोल मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
मामले की जांच आगे बढ़ पाती उससे पहले ही एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इसे और विवादित बना दिया। गोगा की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगा। पोस्ट में इस हत्या के गैंगवार होने का दावा किया गया। जय भोले लिखते हुए पोस्ट की शुरुआत हुई और इसमें विदेशी गैंगस्टरों के नाम पर हमले की जिम्मेदारी दी गई। इसमें लिखा गया कि गोगा की हत्या अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और मोस्ट वांटेड नीरज फरीदपुरिया के कहने पर की गई है। पोस्ट में आगे धमकी भी दी गई कि अभी कई और लोग उनके निशाने पर है।
पोस्ट में लिखा गया कि बाकी ये और 2-4 कीड़े मकोड़े हैं इनका टाइम आ लिया है। साथ ही पुलिसकर्मियों को भी भ्रष्टाचार का आरोपी बताते हुए इस पोस्ट में चेतावनी दी गई। इसमें लिखा गया कि हम देश के कानून और ईमानदार खाकी का सम्मान करते है, लेकिन कुछ भ्रष्ट पुलिस वालों के कारण आज यह दिन देखना पड़ा रहा है। यह मामला सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर अभी किसी दावे की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की जा रही है।