
TMC Leaders Saayoni Ghosh: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा उठाए गए सवालों के बाद कोलकाता नगर निगम ने तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी और उनके करीबियों की संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है। अभिषेक बनर्जी से कथित तौर पर जुड़ी कोलकाता की एक संपत्ति से संबंधित आरोपों के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की सांसद सायनी घोष ने बुधवार को अपनी राय रखते हुए इन दावों को फर्जी करार दिया है। इसके साथ ही उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
तृणमूल कांग्रेस की सांसद सायनी घोष एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश में एक भाजपा नेता से खुली जान से मारने की धमकी मिलने के आरोप के बाद सुर्खियों में थीं। उन्होंने कहा कि अब संपत्ति के स्वामित्व के दावों को लेकर फर्जी खबरों के माध्यम से उन्हें बदनाम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
घोष ने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में उन आरोपों का खंडन किया कि वह अभिषेक बनर्जी के साथ 19 डी सेवन टैंक्स रोड कोलकाता 700030 स्थित संपत्ति की संयुक्त मालिक हैं। आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके वित्तीय खुलासे उनके चुनावी हलफनामे के माध्यम से पहले ही सार्वजनिक हो चुके हैं।
घोष ने लिखा कि लोगों ने मुझे भरपूर आशीर्वाद दिया और मैं उनका आभारी हूं। मैं अपने मतदाताओं को बताना चाहता हूं कि मेरी संपत्ति का विवरण मैंने अपने चुनावी शपथ पत्र में दर्ज कर दिया है। कृपया रिकॉर्ड देखें। जो लोग बिना किसी सबूत के मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, वे अभी रुक जाएं!
उन्होंने आगे कहा, 'कृपया जान लीजिए, मैं टस से मस नहीं होऊंगी, मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगी। फर्जी खबर फैलाने के लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह 'घोष' किसी के दबाव में नहीं आएगी।
अपको बता दें कि मंगलवार को सायनी घोष ने आरोप लगाया था कि सिकंदराबाद नगर पालिका के अध्यक्ष और भाजपा नेता प्रदीप दीक्षित द्वारा कथित तौर पर उनका सिर कलम करने वाले किसी भी व्यक्ति को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा के बाद उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी मिल रही है।