
Punjab Politics: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने बताया कि राज्य चुनाव समिति की बैठक में 40 से अधिक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) सदस्यों ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश साफ छवि वाले मजबूत उम्मीदवारों को मौका देने और युवाओं को चुनाव लड़ने का अवसर देने की होगी।
वहीं, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के गठबंधन पर निशाना साधते हुए पायलट ने इसे 'मजबूरी का गठबंधन' बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों ने छह साल पहले अलग होने की वजहों को लेकर अब तक जनता को कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है।
सचिन पायलट के मुताबिक, राज्य चुनाव समिति की बैठक सकारात्मक माहौल में हुई। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और अन्य सदस्यों ने चुनाव प्रचार और उम्मीदवारों के चयन को लेकर अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी नेताओं ने अपने-अपने जिलों में जिम्मेदारी से काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। पार्टी उनके सुझावों को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी करेगी। पायलट ने बताया कि अब उम्मीदवारों के नामों पर विचार स्क्रीनिंग कमेटी के स्तर पर होगा। इसके बाद सिफारिशें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) को भेजी जाएंगी। पायलट ने कहा कि कांग्रेस के पास मजबूत उम्मीदवार हैं। पार्टी अच्छे नाम और साफ छवि वाले नेताओं को प्राथमिकता देने की कोशिश करेगी। उन्होंने युवाओं को भी अवसर देने की बात कही।
भाजपा और अकाली दल के दोबारा गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए सचिन पायलट ने कहा कि दोनों दलों का यह समझौता जरूरत के कारण हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि छह साल पहले दोनों पार्टियां किन वजहों से अलग हुई थीं और अब उन कारणों पर उनका क्या रुख है।
पायलट ने केंद्र सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने पूछा कि क्या केंद्र सरकार ने कृषि कानूनों को लेकर किसानों से माफी मांगी है? दिल्ली की सीमाओं पर किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को लेकर अकाली दल का क्या रुख है? उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब दोनों दलों को पंजाब की जनता को देना चाहिए।
सचिन पायलट ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि AAP जल्द ही पंजाब की सत्ता से बाहर होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी और पंजाब में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। पायलट ने कहा कि आखिरकार जनता ही तय करेगी कि उसके लिए बेहतर विकल्प कौन है।