
Punjab Assembly Elections 2027: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा तेज कर दी है। इसी बीच पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट 16 से 20 अक्टूबर तक पंजाब के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य में गैंगस्टर हिंसा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के कारण अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात करेंगे।
बता दें कि सचिन पायलट की इस यात्रा के दौरान पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति और गैंगस्टर हिंसा से प्रभावित परिवारों के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। पांच दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में वे प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से संवाद करेंगे।
सचिन पायलट की यात्रा में मोगा, बठिंडा, मानसा, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन और अमृतसर सहित पंजाब के कई जिले शामिल हैं। इस दौरान वे हिंसा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
बता दें कि पंजाब कांग्रेस प्रभारी पायलट का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पंजाब में गैंगस्टर हिंसा और कानून-व्यवस्था का मुद्दा राजनीतिक चर्चा के केंद्र में है।
बता दें कि 13 अक्टूबर को मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की 1गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई, जब वह एक मेडिकल स्टोर के मालिक से कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर सवाल कर रहे थे और सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो बना रहे थे। इस घटना में मुख्य अभियुक्त अश्वनी कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, झोटा की हत्या के बाद विपक्ष ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने सीएम भगवंत मान से इस्तीफा देने की मांग की है। साथ ही कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।
वहीं दूसरी ओर सीएम भगवंत मान ने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस आरोपियों को सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने आगे कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही की जांच की जाएगी। उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पूरे मामले की जांच करने और हर स्तर पर हुई संभावित चूक का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।